समय शिक्षा अभियान मंडला जिले के 200 विद्यार्थियों ने किया जबलपुर का शैक्षणिक भ्रमण, होटल मैनेजमेंट और एविएशन क्षेत्र की मिली जानकारी

7

रेवांचल टाइम्स मोहगांव मंडला विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, व्यावसायिक कौशल एवं करियर विकल्पों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन मंडला द्वारा समय शिक्षा अभियान अंतर्गत हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में अध्ययनरत विद्यार्थियों के लिए एक दिवसीय शैक्षणिक भ्रमण का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा अधिकारी मुन्नी वरकड़े के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम का सफल संचालन सहायक संचालक एल.एस. मसराम, जिला नोडल अधिकारी मुकेश पाण्डे, विकासखण्ड मोहगांव की नोडल प्राचार्य नंदनी यादव, संकुल प्राचार्य दीपक कछवाहा, धीरज चौधरी, एस.पी. अग्रवाल एवं मेंटर अखिलेश उपाध्याय के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।इस शैक्षणिक भ्रमण में विकासखण्ड मोहगांव के लगभग 200 छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। विद्यार्थियों को जबलपुर स्थित प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं व्यावसायिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया, जिसमें स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट , डुमना एयरपोर्ट एवं डुमना नेचर रिजर्व पार्क प्रमुख रहे। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के लिए भोजन एवं नाश्ते की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने स्टेट इंस्टीट्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट में होटल उद्योग से जुड़ी बारीकियों को नजदीक से समझा। संस्थान के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को होटल मैनेजमेंट के विभिन्न क्षेत्रों जैसे हाउसकीपिंग, फूड प्रोडक्शन, फ्रंट ऑफिस मैनेजमेंट एवं अतिथि सेवा प्रबंधन के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही विद्यार्थियों को बताया गया कि इस क्षेत्र में कौशल विकास के माध्यम से राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोजगार के व्यापक अवसर उपलब्ध हैं।
इसके पश्चात विद्यार्थियों ने डुमना नेचर रिजर्व पार्क का भ्रमण कर प्रकृति, जैव विविधता एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व को समझा। इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न वन्य जीवों, पेड़-पौधों एवं प्राकृतिक पारिस्थितिकी तंत्र का अवलोकन किया, जिससे उनमें पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता विकसित हुई।शैक्षणिक भ्रमण का अगला पड़ाव डुमना एयरपोर्ट रहा, जहां विद्यार्थियों ने पहली बार हवाई अड्डे की कार्यप्रणाली को करीब से देखा। विद्यार्थियों को विमान संचालन, सुरक्षा जांच प्रक्रिया, यात्रियों की सुविधा व्यवस्था एवं आधुनिक एविएशन इंफ्रास्ट्रक्चर की जानकारी दी गई। एयरपोर्ट का भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत रोमांचक एवं प्रेरणादायक अनुभव साबित हुआ।इस अवसर पर शिक्षकों एवं मेंटर्स ने बताया कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इससे विद्यार्थियों का दृष्टिकोण व्यापक होता है तथा उन्हें अपने भविष्य के करियर चयन में स्पष्ट दिशा मिलती है। विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त होने से उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे नए क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित होते हैं।भ्रमण के उपरांत विद्यार्थियों से फीडबैक भी प्राप्त किया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने इस शैक्षणिक यात्रा को अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक बताया। विद्यार्थियों ने कहा कि इस भ्रमण से उन्हें नए करियर विकल्पों की जानकारी मिली और भविष्य के लिए नई दिशा प्राप्त हुई।जिला प्रशासन द्वारा आयोजित यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए न केवल ज्ञानवर्धक रहा, बल्कि उनके उज्जवल भविष्य की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम भी साबित हुआ। इस पहल से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा प्रणाली, व्यावसायिक संस्थानों एवं रोजगार के अवसरों की वास्तविक जानकारी प्राप्त हुई, जिससे वे अपने करियर के प्रति अधिक जागरूक एवं प्रेरित हुए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.