नवरात्रि के प्रथम दिन मंदिरों में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब, माँ नर्मदा के दरबार में भी गूंजे जयकारे

 

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर आज सुबह से ही मंदिरों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। माँ भगवती दुर्गा मंदिरों और खेरमाई मंदिरों में भक्तों ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की।

वही नगर के प्रमुख मंदिरों में तड़के से ही दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लग गईं। माता के जयकारों और भक्ति गीतों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। महिलाओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया, वहीं कई श्रद्धालुओं ने व्रत रखकर पूजा-अर्चना की।

इसी के साथ मंडला नगर की जीवनदायिनी नर्मदा नदी के पावन तट पर भी श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने माँ नर्मदा के दरबार में पहुंचकर स्नान, पूजा-पाठ, आरती कर चुनरी अर्पित की और आशीर्वाद प्राप्त किया।

नवरात्रि के शुभ अवसर पर पूरे नगर में धार्मिक आस्था और उल्लास का माहौल बना हुआ है। मंदिरों को आकर्षक रूप से सजाया गया है और आगामी दिनों में विभिन्न धार्मिक आयोजनों की तैयारियां भी जोरों पर हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.