केसरिया साड़ी में मैदान में उतरीं मंत्री संपतिया उइके, कबड्डी खेलकर बढ़ाया खिलाड़ियों का हौसला

मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में आयोजित महिला कबड्डी प्रतियोगिता उस वक्त खास बन गई, जब कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके खुद मैदान में उतर गईं। मंत्री को खेलते देख मैदान में मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल बन गया।

केसरिया साड़ी पहने मंत्री उइके “कबड्डी-कबड्डी” कहते हुए विरोधी पाले में रेड लेने पहुंचीं। हालांकि वे ज्यादा देर तक विरोधी टीम के बीच नहीं टिक सकीं और सुरक्षित अपने पाले में लौट आईं। इसके बाद विरोधी टीम की एक खिलाड़ी ने उनकी ओर रेड किया, जिस पर मंत्री ने घेरा बनाकर पकड़ने की कोशिश की, लेकिन खिलाड़ी फुर्ती से बच निकली।

बताया गया कि विरोधी टीम में जिले की महिला अधिकारियों की टीम शामिल थी। प्रदर्शन मैच के दौरान मंत्री ने दो बार रेड की और डिफेंस में भी हाथ आजमाया। एक मौके पर वे आउट होते-होते बचीं, जिससे मैदान में रोमांच और बढ़ गया।

मंत्री संपतिया उइके ने इस दौरान खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि पारंपरिक खेल हमारी संस्कृति की पहचान हैं। उन्होंने कहा कि खेलों से आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है, इसलिए महिलाओं को भी इसमें बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए।

 

इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखंडों से 8 महिला टीमों ने हिस्सा लिया। आयोजन का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देना और महिलाओं की भागीदारी को प्रोत्साहित करना रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.