पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने संगम घाट में हुई महिला कबड्डी प्रतियोगिता, मंत्री श्रीमती उइके ने मैदान में उतरकर बढ़ाया उत्साह

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से प्रदेश के सभी जिलों में पारंपरिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। इस कड़ी में संगम घाट मंडला में जिला स्तरीय महिला कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन उत्साह और ऊर्जा के माहौल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में उस समय विशेष उत्साह देखने को मिला, जब मध्यप्रदेश शासन की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके स्वयं मैदान में उतरकर खिलाड़ियों के साथ कबड्डी खेलने लगीं।
प्रतियोगिता में जिला प्रशासन की महिला टीम और महिला जनप्रतिनिधियों/महिला सदस्यों की टीम के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ। मंत्री श्रीमती उइके के नेतृत्व में महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजय प्राप्त की। पूरे मैच के दौरान खिलाड़ियों में जोश और खेल भावना देखने को मिली।
मंत्री श्रीमती उइके ने मैदान में खिलाड़ियों का परिचय प्राप्त किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि खेल केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि यह शारीरिक एवं मानसिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण साधन है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में खेल, सहभागिता और नेतृत्व क्षमता को बढ़ावा दिया जा रहा है। हमें अपने पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने की जरूरत है।
कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में महिला खिलाड़ियों, नागरिकों एवं दर्शकों की उपस्थिति रही, जिन्होंने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और आयोजन का भरपूर आनंद लिया।