चेटीचन्ड्र महोत्सव पर विशाल वाहन रैली और भव्य शोभायात्रा का हुआ आयोजन

श्री गुरुद्वारा साहिब में आयोजन में शामिल हुए कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले में सिंधी समाज के इष्ट देव वरुण अवतार भगवान श्री झूलेलाल सांई का जन्म दिवस चेटीचन्ड्र महोत्सव के रूप में सिंधी समाज के द्वारा धूमधाम से मनाया गया,पूज्य सिंधी पंचायत,सिंधु नवयुवक मंडल एवं मातृशक्ति सदस्यों के द्वारा विविध आयोजन किए गए, आयोजन की श्रृंखला में एक सप्ताह पहले गुरु ग्रंथ साहिब का पाठ आरंभ किया गया जो कि नियमित रूप से पाठन किया गया,पंडित रानूनाथ शर्मा की मौजूदगी में भगवान श्री झूलेलाल सांई जी का जल अभिषेक किया गया,तत्पश्चात झूलेलाल सांई जी का श्रृंगार किया गया,श्री गुरुद्वारा साहिब में भजन कीर्तन, आरती, पूजा के साथ सभी परिवारों की सुख शांति के लिए अरदास की गई,सामाजिक जनों के द्वारा इस अवसर पर नाच गायन करते हुए जन्मोत्सव की बधाइयां दी गईं, साप्ताहिक पाठ का भोग का कार्यक्रम संपन्न हुआ,सामाजिक जनों के द्वारा गुरु ग्रंथ साहिब पर चोला चढ़ाया गया। इस अवसर पर सामाजिक सदस्यों की मौजूदगी में भाई साहब हरनाम उदासी के द्वारा पल्लव पूजा का कार्यक्रम संपन्न हुआ,तत्पश्चात आम लंगर का आयोजन किया गया जिसमें सभी शामिल जनों ने प्रसादी ग्रहण की।

*वाहन रैली का जगह जगह हुआ स्वागत*

सुबह सामाजिक जनों के द्वारा विशेष ड्रेस कोड के साथ वाहन रैली निकाली गई जिसको समाज के वरिष्ठ जनों ने झंडी दिखाकर रवाना किया।वाहन रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए पुनः गुरुद्वारा साहिब में विराम ली, रैली भगवान झूलेलाल सांई के जयकारों के साथ गुंजायमान रही, वाहन रैली का जोर शोर से स्वागत किया गया।जगह जगह स्वागत में स्वल्पाहार का आयोजन भी किया गया, वाहन रैली में बड़ी संख्या में पुरुष,महिलाएं और बच्चे शामिल हुए,युवाओं में बहुत उत्साह देखा गया।

*कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक, एसडीएम हुए शामिल*

चेटीचन्ड्र महोत्सव के अवसर पर श्री गुरुद्वारा साहिब में विविध आयोजन किए गए। आयोजन में मंडला कलेक्टर सोमेश मिश्रा,पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा एवं एसडीएम सोनल सिडाम मेडम शामिल हुए। इन्होंने भगवान झूलेलाल एवं श्री गुरुग्रंथ साहिब पर चोला चढ़ाया,माथा टेककर आशीर्वाद लिया। आयोजित लंगर में शामिल होकर गुरु प्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर पूज्य सिंधी पंचायत मंडला के द्वारा कलेक्टर पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम मेडम को शाॅल पहनाकर सम्मान किया गया।

*भगवान श्री झूलेलाल की झांकी के साथ निकली शोभायात्रा*

सायंकाल में श्री बहिराणा साहब का पूजन अर्चन किया गया एवं विशाल शोभायात्रा निकाली गई, भगवान झूलेलाल,संत कंवर राम एवं महापुरुषों की आकर्षक झांकियां से सुसज्जित,बैंड बाजे सहित विशाल शोभायात्रा गुरु के जयकारों के साथ गुंजायमान रही, शोभा यात्रा का जगह-जगह स्वागत सत्कार किया गया एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था रखी गई,शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए मां नर्मदा के पावन तट पर गुरु अरदास एवं पल्लव पूजा के साथ संपन्न हुई।

*अंबेडकर वार्ड श्री झूलेलाल मंदिर में भी हुए आयोजन*

वही अंबेडकर वार्ड स्थित श्री भगवानी बाई केवलराम श्री झूलेलाल मंदिर में चेटीचन्ड्र महोत्सव पर भगवान श्री झूलेलाल की पूजा अर्चना, शहनाई के साथ कीर्तन किया गया। आयोजित विविध स्वादिष्ट व्यंजनों की चौपाटी में बड़ी संख्या में सामाजिक जन शामिल हुए। शाम को बहिराणा साहब की पूजा अर्चना के पश्चात पालकी शोभायात्रा निकाली गई। इस अवसर पर मंदिर में विशेष साज सजावट की गई। कार्यक्रम में डिस्पोजल का प्रयोग नहीं करते हुए पर्यावरण जागरूकता का संदेश दिया गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.