नक्खी माई माता दरबार में उमड़ी आस्था, 748 ज्योति कलशों से जगमगाया बकौरी
दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला, चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर बकौरी स्थित नक्खी माई माता दरबार में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। पहाड़ी पर विराजमान माता का यह पवित्र स्थल इन दिनों 748 ज्योति कलशों और हरे-भरे जवारों से आलोकित होकर भक्तों की आस्था का केंद्र बना हुआ है।
मंडला जिला मुख्यालय से लगभग 20 किलोमीटर दूर मंडला-निवास मार्ग पर स्थित यह प्राचीन मंदिर 17वीं शताब्दी से श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है। पाषाण प्रतिमा के रूप में विराजी नक्खी माई के दरबार में इस वर्ष विशेष उत्साह और भक्ति का वातावरण देखने को मिल रहा है।
दूर-दराज के गांवों के साथ-साथ अन्य राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचकर माता के दर्शन कर रहे हैं। भक्त अजय झरिया के अनुसार, “माता की कृपा से गांव पर कभी कोई बड़ा संकट नहीं आया, यहां हर मन्नत पूरी होती है।”
मंदिर परिसर में स्थित शनि एवं नवग्रह मंदिर भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र है, जहां शनि शिंगणापुर से लाई गई शिला स्थापित है और अखंड ज्योति निरंतर प्रज्वलित रहती है।
नवरात्रि के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना, कलश स्थापना और भव्य श्रृंगार के साथ धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं। वहीं राम नवमी (27 मार्च) के अवसर पर भव्य जवारा विसर्जन शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो अपनी दिव्यता और भव्यता के लिए पूरे क्षेत्र में प्रसिद्ध है।
पहाड़ी पर स्थित होने के बावजूद मंदिर तक सुगम वाहन सुविधा उपलब्ध होने से श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा नहीं हो रही है।
नक्खी माई के दरबार में उमड़ी यह आस्था एक बार फिर यह सिद्ध कर रही है कि सच्ची श्रद्धा और विश्वास के आगे हर दूरी छोटी पड़ जाती है।