बजाग के मरखी माता काली मंदिर में विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद

 

 

राममंदिर से प्रतिदिन बह रही रामकथा की बयार

 

दैनिक रेवांचल टाइम्स बजाग – चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर सप्तमी तिथि के दिन नगर के मरखी माता मंदिर तिराहे स्थित काली मंदिर में भव्य एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस धार्मिक आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंचकर माता रानी के दर्शन किए और श्रद्धा भाव से प्रसाद ग्रहण किया।

नवरात्रि पर्व के चलते पूरे नगर में भक्ति और आस्था का वातावरण बना हुआ है। विभिन्न मंदिरों और मढ़िया स्थलों पर प्रतिदिन पूजा-अर्चना, धार्मिक अनुष्ठान और भजन-कीर्तन का आयोजन किया जा रहा है। माता रानी के दरबारों में जल चढ़ाने के लिए भक्तों की लगातार भीड़ उमड़ रही है। नगर के प्राचीन ठाकुरदेव की मढ़िया सहित कई स्थानों पर श्रद्धालुओं द्वारा अपने घरों में भी जवारे बोए गए हैं।

परडियाडोंगरी क्षेत्र के शारदा मंदिर संतोषी माता मंदिर , बूढ़ी मैया मंदिर में भक्तिभाव से  पूजा आराधना का क्रम जारी है नोखे पंडा के निवास सहित विभिन्न मंदिरों में भी बड़ी संख्या में कलश स्थापना की गई है, जिनका विसर्जन नवरात्रि पर्व के समापन पर किया जाएगा। वहीं राममंदिर समिति एवं सकल साहू समाज के तत्वाधान में आयोजित राममंदिर में चल रही नौ दिवसीय रामकथा भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। कथा वाचक पंडित कालका प्रसाद शास्त्री जी के श्रीमुख से रामकथा का रसपान करने के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं।

मंदिरों और मढ़िया स्थलों पर जस गीत, भजन-कीर्तन का दौर निरंतर जारी है, जिससे पूरा नगर धर्ममय वातावरण में सराबोर हो गया है।

काली मंदिर में आयोजित भंडारे को सफल बनाने में आदर्श भदौरिया (पिंटू), आकाश भदौरिया, मोहन सोनी, महेश भदौरिया, हर्ष भदौरिया एवं ठाकुर बंधुओं सहित मरखी माता मंदिर समिति का विशेष सहयोग रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.