भूमि अधिग्रहण मुआवजे पर किसानों की आपत्ति, पुनः नोटिस की मांग

 

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले के नैनपुर तहसील अंतर्गत ग्राम सरी सिंगारपुर के ग्रामीणों ने राष्ट्रीय राज्यमार्ग निर्माण के लिए किए जा रहे भूमि अधिग्रहण पर आपत्ति जताई है। इस संबंध में समस्त ग्रामवासियों ने अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) नैनपुर को आवेदन सौंपकर मुआवजा प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग की है।

ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण के लिए अधिग्रहित की जा रही भूमि के संबंध में शासन द्वारा जारी नोटिस में खसरा नंबर तो दर्शाए गए हैं, लेकिन प्रत्येक खसरे से कितना रकबा अधिग्रहित किया जा रहा है, इसका स्पष्ट उल्लेख नहीं किया गया है। इससे किसानों में भ्रम की स्थिति बनी हुई है और भविष्य में नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

इसके साथ ही किसानों ने मुआवजा राशि को भी असंतोषजनक बताया है। उनका कहना है कि निर्धारित मुआवजा वास्तविक भूमि मूल्य के अनुरूप नहीं है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि अधिग्रहित भूमि का स्पष्ट रकबा अंकित कर पुनः नोटिस जारी किया जाए, ताकि स्थिति स्पष्ट हो सके। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि जब तक अधिग्रहण की पूरी जानकारी नहीं दी जाती, तब तक प्रक्रिया को आगे न बढ़ाया जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.