जल मंदिर प्याऊ’ का शुभारंभ, मिलेगा शुद्ध पेयजल

 

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडलाविकासखंड नारायणगंज स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में ‘जल मंदिर (प्याऊ)’ का शुभारंभ किया गया। यह पहल मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग के अंतर्गत चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत ‘जल शक्ति से नवभक्ति, शुद्ध जल–स्वच्छ जल’ कार्यक्रम के अंतर्गत की गई।नगर विकास प्रस्फुटन समिति, विकासखंड नारायणगंज द्वारा स्थापित इस जल मंदिर (प्याऊ) का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में आने वाले मरीजों, उनके परिजनों तथा राहगीरों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमुदाय से जल के सदुपयोग की अपील की गई, साथ ही प्यासे पशु-पक्षियों को भी पानी पिलाने का संदेश दिया गया।

इस अभियान के तहत पूर्व में भी विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में कई जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। वर्तमान में जिला समन्वयक राजेंद्र चौधरी एवं विकासखंड समन्वयक संतोष कुमार झारिया के निर्देशन में जल सेवा समागम कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है, जिसमें जनप्रतिनिधियों, नवांकुर संस्थाओं, प्रस्फुटन समितियों एवं सीएमसीएलडीपी के छात्र-छात्राओं की सक्रिय भागीदारी देखने को मिल रही है।

कार्यक्रम में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सीबीएमओ डॉ. ए.एल. कॉल, भाजपा मंडल अध्यक्ष किसन तेकाम, ग्राम पंचायत पड़रिया के सचिव अभिषेक शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।यह पहल न केवल जल संरक्षण और जनसेवा का संदेश देती है, बल्कि समाज को जल के प्रति जिम्मेदार बनने के लिए भी प्रेरित करती है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.