मण्डला पुलिस ने मनाया “हरियाली महोत्सव” जिले के समस्त थानों, चौकियों एवं पुलिस कार्यालयों में वृक्षारोपण

हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं- मण्डला पुलिस

 

रेवांचल टाईम्स – मंडला, पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य पुलिस महानिदेशक म.प्र. के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय, भोपाल के द्वारा संपूर्ण मध्यप्रदेश में दिनांक 01 जुलाई से 07 जुलाई 2025 तक “हरियाली महोत्सव” मनाया जा रहा है। इसी श्रृंखला में जिला मण्डला में के समस्त थाना, चौकी एवं पुलिस कार्यालयों में हरियाली महोत्सव का आयोजन कर विभिन्न स्थानों पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वृक्षारोपण किया गया।
हरियाली महोत्सव के अंतर्गत पुलिस लाइन मंडला में आज दोपहर 12 बजे वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी एवं जवानों ने भाग लिया और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लेते हुए पौधे लगाए। इस अवसर पर उन्होंने आम, नीम, आंवला, करंज जैसे फलदार एवं औषधीय पौधों का रोपण कर पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।
वृक्षों का हमारे जीवन में विशेष महत्व है—ये न केवल हमें ऑक्सीजन देते हैं, बल्कि वर्षा, तापमान नियंत्रण और जैव विविधता में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पुलिस अधीक्षक मण्डला ने जिलेवासियों से अपील की कि—“हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा अवश्य लगाएं और उसका पालन-पोषण भी करें। हम सभी को संकल्प लेना होगा कि हम केवल उत्सव तक सीमित न रहें, बल्कि पूरे वर्षभर विशेष अवसरों पर भी वृक्षारोपण कर हरियाली को जीवन का हिस्सा बनाएँ।” साथ ही थाना प्रभारी अपने-अपने थाना क्षेत्रों में वृक्षारोपण हेतु आमजन, जनप्रतिनिधियों एवं स्कूलों के साथ समन्वय बनाकर जनजागरूकता अभियान चलाकर प्रकृति के संरक्षण के संबंध में बतायें ताकि इस आयोजन को सामुदायिक आंदोलन का स्वरूप दिया जा सके।
मंडला जिले में पुलिस थानों और अन्य परिसरों में लगभग 1500 पौधे लगाए जा रहे हैं, इस महोत्सव का उद्देश्य पर्यावरण संरक्षण है और अधिक से अधिक पौधे लगाकर हरियाली बढ़ाना है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.