कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष जीतू पटवारी के बयान पर महिलाओं का फूटा आक्रोश….

..नेहरू स्मारक पर भाजपा महिला मोर्चा ने किया पुतला दहन, जताया विरोध ….
रेवांचल टाईम्स – मंडला बुधवार को जिला मुख्यालय में भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा के नेतृत्व में महिला मोर्चा एवं भाजपा नगर मंडल के कार्यकर्ताओं द्वारा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के महिला विरोधी घटिया बयान के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिला मोर्चा ने भाजपा जिला कार्यालय से विशाल रैली निकालकर नेहरू स्मारक तक पैदल मार्च किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने जीतू पटवारी एवं कांग्रेस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
नेहरू स्मारक पहुंचकर आक्रोशित महिलाओं ने कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया। भाजपा महिला मोर्चा की जिला अध्यक्ष मंजू कछवाहा ने कहा कि मध्यप्रदेश की महिलाओं को शराबी बताकर जीतू पटवारी ने न सिर्फ मातृशक्ति का अपमान किया है, बल्कि प्रदेश की संस्कृति और संस्कारों का भी घोर अपमान किया है। कांग्रेस नेताओं की ऐसी सोच से उनकी वास्तविक मानसिकता उजागर होती है। महिला मोर्चा ने मांग की है कि जीतू पटवारी तुरंत प्रदेश की सभी महिलाओं से सार्वजनिक मंच पर माफी माँगे, अन्यथा भाजपा महिला मोर्चा प्रदेशभर में उनका कड़ा विरोध जारी रखेगी। महिला मोर्चा ने कांग्रेस को चेतावनी दी कि यदि शीघ्र ही माफी नहीं माँगी जाती तो आने वाले समय में आंदोलन और उग्र होगा।
इस अवसर पर महिला मोर्चा की प्रदेश मंत्री शशि पटेल ने कहा कि इस देश की संस्कृति में नारी को देवी के रूप में पूजा जाता है और कांग्रेस नेता महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। कांग्रेस को यदि थोड़ी भी शर्म है तो तुरंत अपने प्रदेश अध्यक्ष से इस्तीफा दिलाए और महिलाओं से माफी मंगवाए। विरोध प्रदर्शन के दौरान महिला मोर्चा की कार्यकर्ता अनीता तिवारी, उमा यादव, प्रिया धुर्वे, बबीता अधिकारी, अंजली मिश्रा, प्रतिका चौरसिया, विनीता दुबे, सरिता महान, कमला टांडिया, कल्पना बरमैया,अंकिता दुबे, तरला कछवाहा, प्रतिभा साहू, अनीता चौधरी, संध्या यादव, मीनाक्षी यादव सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी, कार्यकर्ता और आम महिलाएँ शामिल हुईं। पूरे प्रदर्शन के दौरान महिलाओं में भारी आक्रोश और एकजुटता देखने को मिली।