बीजाडांडी में गणेश उत्सव की भव्य गूंज, भक्तिमय में सराबोर हुआ नगर

 

रेवांचल टाइम्स बीजाडांडी मंडला सार्वजनिक गणेश उत्सव समिति के तत्वावधान में विराजमान गणेश भगवान की प्रतिमा के समक्ष प्रतिदिन बड़े ही विधि-विधान से पूजा-अर्चना और आरती का आयोजन किया जा रहा है। भक्ति और उत्साह से सराबोर ग्रामवासी बड़ी संख्या में पंडाल पहुँचकर भगवान के दर्शन कर रहे हैं।
आरती के समय “गणपति बप्पा मोरया” के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर गूंज उठता है। श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्तिमय वातावरण ने उत्सव को और भी भव्य बना दिया है।
समिति के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पूरे मनोयोग से आयोजन को सफल बनाने में जुटे हुए हैं। पंडाल की आकर्षक सजावट, रोशनी और सजीव वातावरण ग्रामवासियों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।
ग्रामवासी भी पूरे हर्षोल्लास के साथ इस पर्व में भाग ले रहे हैं। महिलाएँ और बच्चे सजावट व भजन-कीर्तन में सक्रिय हैं, बुजुर्ग अपनी श्रद्धा और अनुभव से इस आयोजन को पावन बना रहे हैं, वहीं युवा वर्ग व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा में सक्रिय योगदान दे रहा है।
ग्रामवासियों का कहना है कि यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि बीजाडांडी में आपसी भाईचारे और एकता का संदेश भी दे रहा है।
आयोजन समिति ने जानकारी दी कि आने वाले दिनों में भजन संध्या, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अंत में भव्य विसर्जन यात्रा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें आसपास के गाँवों से भी श्रद्धालु शामिल होंगे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.