ट्रायवल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन के तत्वाधान में शिक्षक दिवस का आयोजन

बैंड बाजे के साथ रिटायर्ड और उत्कृष्ट शिक्षकों का सम्मान

रेवाँचल टाईम्स – मंडला, जिले के विकास खंड नारायण गंज में शिक्षक दिवस के अवसर पर ट्राईबल वेलफेयर टीचर्स एसोसिएशन की मंडला इकाई के द्वारा जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान कार्यक्रम का आयोजन नारायणगंज में किया गया। जिसमें जिले भर के सैकड़ों शिक्षकों ने भाग लिया। इस अवसर पर जिले के प्रतिभाशाली और उत्कृष्ट कार्य करने वाले शिक्षकों का और मई, जून और जुलाई माह में सेवानिवृत शिक्षकों का फूलमाला तिलक शॉल श्रीफल और स्मृति चिन्ह के द्वारा सम्मान किया गया। सम्मानित होने वाले सभी शिक्षकों का बैंडबाजे के साथ अगवानी होने से कार्यक्रम उल्लास और उत्साह से भर गया। जनपद पंचायत नारायणगंज की टीम ने जिले भर के एसोसिएशन के उन पदाधिकारियों को डायरी पेन भेंट कर सम्मान किया जो एसोसिएशन में रहकर बच्चों और विद्यालयों के कल्याण में सदैव अग्रणी रहकर कार्य करते हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते एवं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े, जनपद अध्यक्ष आशाराम भारतीया, उपाध्यक्ष अविनाश शर्मा सहित शहर के अनेक समाजसेवी और पत्रकार उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत
डॉ राधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और पूजन अर्चन के साथ किया गया ।
अपनी परम्परा के अनुसार एसोसिएशन ने सभी मंचासीन अतिथियों का कॉपी पेन से स्वागत किया गया । सभी कॉपी पेन सुदूर क्षेत्रों की संस्थाओं के बच्चों हेतु मंच के माध्यम से प्रदाय कर दिया गया।
प्रांतीय अध्यक्ष डी के सिंगौर द्वारा स्वागत उद्बोधन में कहा कि सैद्धांतिक रूप से तो यह माना जाता है कि भारतीय समाज में शिक्षकों को सम्मानीय और पूज्यनीय माना जाता है लेकिन व्यवहार में देखा जाए तो गैर शिक्षकीय कार्यों, कक्षा के बड़े आकर, और संसाधनों के अभाव में आज का शिक्षक समाज की अपेक्षाओं में खरा नहीं उतर पा रहा है। प्रदेश अध्यक्ष ने मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते के समक्ष शिक्षकों की ग्रेच्युटी, अनुसूचित क्षेत्र भत्ता, ट्राइबल के कर्मचारियों के लिए विशेष गृह भाड़ा भत्ता दिलाने की मांग रखी।
उदबोधन की कड़ी में जिला पंचायत सदस्य भूपेंद्र वरकड़े द्वारा विचार रखा गया,जिसमें शिक्षा के महत्त्व और जीवन में शिक्षक ,गुरु से बढकर दूजा कोई और नहीं पर प्रकाश डाला गया, साथ हि अपने कर्तव्यों को ईमानदारी के साथ व्यवहारिक रूप से बच्चों को सही मार्ग दिखाने हेतु प्रेरणा दी गई । वरिष्ठ समाजसेवी रतन ठाकुर द्वारा शिक्षक के महत्व पर प्रकाश डाला गया और समाज शिक्षकों के साथ सद्भावना रखते हुए व्यवहार करने की बात की।
मुख्य अतिथि की आसंदी से सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते द्वारा विस्तार से शिक्षा से जुड़ी जानकारी योजनाओं के साथ, शासकीय और गैर शासकीय शिक्षण के कार्यों, शिक्षकों के कार्यों, विभागीय दायित्वों के साथ साथ प्रतिवेदन के बिन्दुओं पर भी अपने सुझाव और मार्गदर्शन प्रदान किए । उन्होंने शिक्षकों की मांगों को गंभीरता से लिया और शासन के समझ चर्चा करने और कराने का आश्वासन दिया।
कार्यक्रम में आभार प्रदर्शन प्रांतीय प्रवक्ता संजीव सोनी ने किया मंच संचालन जिला अध्यक्ष दिलीप मरावी ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में उमेश यादव, कमलेश मरावी अनिल श्रीवास्तव देवेश सोनी दिनेश सैयाम जयदेव मार्को आदि का विशेष सहयोग रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.