छिंदवाड़ा पुलिस लाइन में पुलिसकर्मियों के लिए स्वास्थ्य और पोषण जागरूकता शिविर का आयोजन

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा मुख्यालय के निर्देशानुसार और पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा, अजय पांडे के मार्गदर्शन में दिनांक 21 सितंबर 2025 को पुलिस लाइन छिंदवाड़ा में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य पुलिसकर्मियों और उनके परिवारजनों को आहार, पोषण, मानसिक स्वास्थ्य और नशा मुक्ति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक करना था।
इस कार्यक्रम में जिले के विभिन्न पुलिस थानों और पुलिस लाइन से बड़ी संख्या में पुलिस बल उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान हार्टफुलनेस टीम के विशेषज्ञों ने महत्वपूर्ण मार्गदर्शन दिया। इनमें डॉ. सईदुलु गद्दाम, श्रीमती श्रद्धा बघेल, डॉ. रामकुमार वर्मा, डॉ. राजकुमार विश्वकर्मा और उनकी टीम शामिल थी। उन्होंने अपने व्याख्यानों से सभी उपस्थित लोगों को एक स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, मानसिक तनाव को प्रबंधित करने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
इस शिविर के माध्यम से पुलिसकर्मियों और उनके परिवार को स्वस्थ रहने के तरीकों, मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और नशे के हानिकारक प्रभावों के बारे में उपयोगी जानकारी मिली, जो उनके दैनिक जीवन में सुधार लाने में सहायक होगी।