नारायणगंज में धूमधाम से मनाया गया दशहरा, मूर्तियों का हुआ विसर्जन

188

रेवांचल टाइम्स नारायणगंज, मंडला।नगर सहित आसपास के क्षेत्रों में विजयादशमी का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया गया। मंगलवार को सुबह से ही नगर का माहौल भक्तिमय और उत्साहपूर्ण हो गया था। ग्राम पंचायतों और दुर्गा समितियों द्वारा सजाए गए पंडालों से देवी दुर्गा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने स्वागत द्वार बनाकर चल समारोह का अभिनंदन किया।डी.जे. और बैंड की धुनों पर भक्तजन नाचते-गाते चल रहे थे, वहीं महिलाएं कलश लेकर चल समारोह में शामिल हुईं। नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए यात्रा स्थानीय घाट की ओर बढ़ी। इस दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। यात्रा के दौरान जगह-जगह भंडारे और प्रसाद वितरण का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लेकर पुण्य लाभ लिया।
इस बार लगभग 11 दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। घाट पर पहुंचे श्रद्धालुओं ने देवी की प्रतिमाओं का पूजन-अर्चन कर जयकारों के साथ उन्हें विदा किया। पूरा वातावरण “जय माता दी” के नारों से गूंज उठा। विसर्जन के साथ ही नवरात्र और दशहरा महोत्सव का समापन हुआ।
नगर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन और स्थानीय समितियों ने विशेष इंतज़ाम किए थे। सुरक्षा कर्मियों की तैनाती और यातायात व्यवस्था की वजह से कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।नारायणगंज में दशहरे का यह आयोजन सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं रहा, बल्कि सामाजिक एकता और भाईचारे का भी संदेश देता नजर आया। श्रद्धालु इस पूरे आयोजन को लेकर बेहद उत्साहित दिखे और अगले वर्ष फिर से भव्य आयोजन की कामना की।यह पर्व नगर में सामाजिक मेलजोल और धार्मिक परंपराओं के प्रतीक बनकर यादगार रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.