सरस्वती विद्यालय के विद्यार्थियों का अखिल भारतीय वुशु प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन

 

दैनिक रेवांचल टाइम्स मंडला। सरस्वती उच्च माध्यमिक विद्यालय, मंडला के विद्यार्थियों ने अखिल भारतीय स्तर पर आयोजित विद्या भारती वुशु प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले और विद्यालय का नाम रोशन किया है। विद्यालय की कक्षा ग्यारहवीं की छात्रा रीतिका बनमाला और छात्र यश भांगरे ने अपने-अपने लीग मैच जीतकर क्वार्टर फाइनल तक पहुंचते हुए शानदार प्रदर्शन किया। यह प्रतियोगिता 26 अक्टूबर से 1 नवम्बर तक श्रीनगर में आयोजित की गई थी।

इसके साथ ही विद्यालय की खेल शिक्षिका कु. आशा कोडोपे और कोच भैया संदीप बर्मन (पूर्व छात्र) ने अपने पसंदीदा खेल थांगता में गोवा में आयोजित अखिल भारतीय प्रतियोगिता में मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए तृतीय स्थान प्राप्त किया। इसी क्रम में विद्यालय की माध्यमिक स्तर की छात्रा सेजल नामदेव ने भी विद्या भारती की अखिल भारतीय थांगता प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर राष्ट्रीय स्तर के लिए अपना स्थान सुनिश्चित किया है। यह राष्ट्रीय स्पर्धा आगामी जनवरी में दिल्ली में आयोजित होगी।

विद्यालय परिवार की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर रानी दुर्गावती शिक्षा प्रबंध समिति, मंडला के अध्यक्ष राजीव वर्मा, व्यवस्थापक अरविंद शर्मा और कोषाध्यक्ष योगेश श्रीवास्तव ने सभी विजेताओं का स्मृति चिन्ह देकर सम्मान और प्रोत्साहन किया। विद्यालय के खेल प्रभारी मंशाराम पटेल, प्राचार्य और पूरे आचार्य परिवार ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्जवल भविष्य की कामना की।

Leave A Reply

Your email address will not be published.