पदमी में भाजपा मंडल का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर सम्पन्न.. कार्यकर्ताओं में वैचारिक ऊर्जा और संगठनात्मक कौशल बढ़ाने पर जोर

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला भारतीय जनता पार्टी मंडल पदमी द्वारा आयोजित दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर का रविवार को भव्य समापन हुआ। इस प्रशिक्षण वर्ग का उद्देश्य कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, संगठनात्मक मजबूती और कार्यकुशलता को बढ़ाना रहा। दो दिनों तक चले इस शिविर में विभिन्न विषयों पर वरिष्ठ नेताओं और वक्ताओं ने कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया।

उद्घाटन सत्र में गूंजा वंदे मातरम्

प्रशिक्षण वर्ग का शुभारंभ 28 मार्च को सुबह 10:30 बजे वर्ग गीत और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। उद्घाटन सत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा, मंडल अध्यक्ष ललित लोधी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में वंदे मातरम् के उद्घोष के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री संपतिया उइके ने प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं रोचीराम गुरवानी ने सरकार की ऐतिहासिक उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

वैचारिक अधिष्ठान और सोशल मीडिया पर बौद्धिक सत्र

प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह ने वैचारिक अधिष्ठान विषय पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन की विचारधारा को समझाया। वहीं अंशुमाली शुक्ला ने आधुनिक युग में सोशल मीडिया के महत्व और उसके प्रभावी उपयोग पर जानकारी दी।

पूर्व जिला अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह कोकड़िया ने संगठन विस्तार और कार्यकर्ताओं की भूमिका पर मार्गदर्शन दिया। प्रथम दिवस का समापन सांस्कृतिक कार्यक्रमों और दीप विसर्जन के साथ हुआ।

योग, इतिहास और कार्यपद्धति पर मिला मार्गदर्शन

दूसरे दिन 29 मार्च की शुरुआत प्रातः 6 बजे योग, प्राणायाम और प्रार्थना के साथ हुई। इस सत्र से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ।

इस दौरान पूर्व विधायक देवसिंह सैयाम ने भाजपा की कार्यपद्धति और संगठनात्मक संरचना पर विस्तार से जानकारी दी, जबकि रामप्यारे कुलस्ते ने पार्टी के इतिहास और विचारधारा पर प्रकाश डाला।

बूथ सशक्तिकरण पर दिया विशेष जोर

समापन सत्र में पूर्व जिलाध्यक्ष रतन सिंह ठाकुर ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम के माध्यम से देश के नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे प्रत्येक बूथ पर जाकर संगठन को और अधिक मजबूत बनाएं।

अंत में मुकेश विश्वकर्मा के संबोधन और सामूहिक भोजन के साथ प्रशिक्षण वर्ग का सफलतापूर्वक समापन हुआ।

इनका रहा विशेष योगदान

प्रशिक्षण वर्ग को सफल बनाने में वर्ग प्रभारी मुकेश विश्वकर्मा, सह-प्रभारी किशोर चौरसिया, नियंत्रक महेश ठाकुर, संतोष कुसमरिया, रंजीत पटेल, अंजली मिश्रा, शांतिक कछवाहा, शेरा ठाकुर सहित बूथ अध्यक्ष, महामंत्री और युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं का विशेष योगदान रहा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.