जनजातीय गौरव दिवस: कलेक्टर अंजू पवन भदौरिया ने कार्यक्रम स्थल पर पहुँचकर तैयारियों का लिया जायजा
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – डिंडौरी, जिले में 14 नवंबर, 2025जनजातीय गौरव दिवस (15 नवंबर) पर आयोजित होने वाले भगवान बिरसा मुंडा के जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने आज संबंधित अधिकारियों के साथ आयोजन स्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने सीईओ जिला पंचायत श्री दिव्यांशु चौधरी एवं सीएमओ नगर परिषद श्री अमित तिवारी के साथ व्यवस्थाओं की प्रगति का जायजा लेते हुए आवश्यक निर्देश प्रदान किए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने मंच, बैठकी, पार्किंग, पेयजल, सफाई, सुरक्षा, विद्युत, चिकित्सा सहायता सहित अन्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित एवं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के सम्मान में आयोजित यह कार्यक्रम जिले के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, अतः समस्त व्यवस्थाएँ उच्च गुणवत्ता की हों तथा कार्यक्रम को आदर्श स्वरूप में संपन्न कराया जाए।
कलेक्टर श्रीमती भदौरिया ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सुनिश्चित करें कि उपस्थित जनसमूह को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। कार्यक्रम में जिले तथा आस-पास के क्षेत्रों से लगभग 5 हजार से अधिक लोगों के उपस्थित होने की संभावना को देखते हुए यातायात एवं भीड़ प्रबंधन की विशेष रूप से समीक्षा की गई।
जिला प्रशासन द्वारा की जा रही सतत् मॉनिटरिंग एवं कलेक्टर द्वारा स्थल पर पहुँचकर की गई समीक्षा से तैयारियों की गति में और तेजी आई है। सभी विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी टीम भावना के साथ कार्य कर रहे हैं, ताकि जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय ढंग से संपन्न हो सके।