राजधानी में यूथ फॉर सेवा स्टडी टूर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ
बच्चों को जनजातियों की क्रमिक विकास की दी गई जानकारी..

दैनिक रेवांचल टाइम्स भोपाल/ राजधानी भोपाल में दिनांक 16/11/2025 को यूथ फॉर सेवा अभ्यासीका लर्निंग सेंटर द्वारा बच्चों को शैक्षणिक भ्रमण हेतु इंदिरा गांधी मानव संग्रहालय, भोपाल ले जाया गया। इस अध्ययन यात्रा में कुल 232 बच्चे तथा 53 स्वयंसेवक उत्साहपूर्वक शामिल हुए।
बच्चों ने विभिन्न जनजातियों की पारंपरिक झोपड़ियों, कला-संस्कृति, वस्त्र, जीवनशैली तथा मानव सभ्यता के क्रमिक विकास से जुड़े आकर्षक प्रदर्शनों का अवलोकन किया। संग्रहालय में प्रदर्शित मॉडल, चित्रकला, जीवंत प्रतिमाएँ एवं सांस्कृतिक गतिविधियाँ बच्चों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक रहीं, जिससे उनमें भारत की विविधता और समृद्ध विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित हुई।
स्वयंसेवकों ने संग्रहालय के प्रत्येक खंड की जानकारी सरल और रोचक तरीके से समझाई, जिससे बच्चों की जिज्ञासा बढ़ी और उन्होंने अनेक नई जानकारियाँ सीखीं। यह शैक्षणिक भ्रमण बच्चों के लिए अत्यंत प्रेरणादायक और उपयोगी सिद्ध हुआ।
यूथ फॉर सेवा का यह अध्ययन भ्रमण न केवल सफल रहा, बल्कि इसमें सेवा बस्ती के बच्चों तथा विभिन्न शासकीय स्कूलों के छात्रों को भी संग्रहालय का विस्तृत एवं सार्थक अवलोकन कराने का अवसर मिला।