प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी ने कहा एसआईआर 2025 का विशेष महत्व, कार्यकर्ता निभाएं सक्रिय भूमिका…

.जिला भाजपा कार्यालय में एसआईआर को लेकर महत्वपूर्ण बैठक संपन्न, मतदाता सूची के गहन पुनरीक्षण पर दिए गए संगठनात्मक निर्देश

12

.रेवांचल टाइम्स – मंडला. जिले के भारतीय जनता पार्टी जिला कार्यालय में मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण एसआईआर 2025 को लेकर एक महत्वपूर्ण एवं व्यापक बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जबलपुर संभाग प्रभारी राहुल कोठारी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्य प्रदेश की कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उईके, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मंडला सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते, तथा भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा उपस्थित रहे। सर्वप्रथम बैठक का शुभारंभ भारत माता, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी और पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैल्य चित्र पर माल्यार्पण से किया गया। साथ ही कार्यक्रम की शुरुआत वंदे मातरम के गीत से हुआ। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया। बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश मंत्री एवं जबलपुर संभाग प्रभारी राहुल कोठारी ने कहा कि देश में कई वर्षों तक कई महत्वपूर्ण मुद्दों को दबाया गया, जिससे देश के विभिन्न हिस्सों में घुसपैठ और संदिग्ध गतिविधियाँ बढ़ीं। उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आई भाजपा सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा, पारदर्शिता और नागरिक अधिकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी है। मतदाता सूची का पुनरीक्षण भले ही एक नियमित प्रक्रिया है, परंतु एसआईआर 2025 का महत्व इस बार बेहद खास है। इस अभियान में पात्र मतदाताओं को जोड़ना, दोहरी प्रविष्टियों का शुद्धिकरण करना, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और दिव्यांगजनों को मतदाता सूची में शामिल कराना अत्यंत आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की सक्रियता ही इस अभियान का आधार है। हमारे क्षेत्र में कौन रहता है, कौन पात्र है, किसका नाम छूट गया है इसकी सबसे सही जानकारी भाजपा के बूथ कार्यकर्ता के पास होती है। इसलिए हर कार्यकर्ता को इस अभियान को मिशन मोड में चलाना होगा।
वहीं बैठक को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतिया उइके ने कहा कि एसआईआर अभियान लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती का सबसे आधारभूत कदम है। उन्होंने कहा कि हर पात्र व्यक्ति का नाम मतदाता सूची में होना लोकतंत्र की सबसे पहली आवश्यकता है। भाजपा हमेशा सेवा और संगठन के सिद्धांत पर चलती है और एसआईआर 2025 इस सेवा भाव का बड़ा उदाहरण है। कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर जागरूकता फैलानी चाहिए और मतदाता सूची में नाम जोड़ने की प्रक्रिया को सरल बनाना चाहिए। उन्होंने युवाओं के पंजीकरण, वरिष्ठ नागरिकों की सहायता और दिव्यांगजनों के सहयोग पर जोर दिया।
एसआईआर अभियान को सफल बनाने को लेकर मंडला सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते ने अपने संबोधन में कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण केवल तकनीकी प्रक्रिया नहीं बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की आत्मा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विश्व मंच पर नई ऊंचाइयां प्राप्त कर रहा है, ऐसे में पारदर्शी और अद्यतन मतदाता सूची होना अत्यधिक आवश्यक है। एसआईआर 2025 अभियान संगठन को बूथ स्तर पर और अधिक मजबूत करेगा। यह कार्य तभी सफल होगा जब प्रत्येक बूथ समिति अपने स्तर पर 100 प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वे इस अभियान को गंभीरता से लें और पात्र नागरिकों तक पहुँच बनाएं।
वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि एसआईआर 2025 केवल निर्वाचन आयोग की प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि भाजपा की शक्ति बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से आती है और यह अभियान उसी शक्ति को और मजबूत करेगा। प्रत्येक मंडल, प्रत्येक बूथ और पेज समिति को यह सुनिश्चित करना होगा कि कोई भी पात्र व्यक्ति मतदाता सूची से वंचित न रहे। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे जनसंपर्क बढ़ाएँ, जागरूकता लाएँ और अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर इस महत्वपूर्ण अभियान को पूर्ण सफलता तक पहुँचाएँ।
बैठक के दौरान मंच में जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. संजय कुशराम, नगरपालिका अध्यक्ष विनोद कछवाहा, नपा अध्यक्ष श्रीमती मीना हरदहा, श्रीमती रजनी मरावी, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेश जैन, मंजू कछवाहा, महेंद्र पटेल, शैलेश मिश्रा, राम प्रकाश साहू, जिला महामंत्री संतोष रजक, पंडित सिंह धुर्वे, जिला मंत्री कृष्णा पंजवानी, जोरावर सिंह, कौशल्या मरावी, पूर्व विधायक डॉ. शिवराज शाह, छाया विधायक डॉ. विजय आनंद मरावी, पूर्व जिलाध्यक्ष रोचीराम गुरवानी, रतन सिंह ठाकुर, मंडल अध्‍यक्ष,महामंत्री मोर्चा प्रकोष्‍ठ के जिला पदाधिकारी एसआईआर कार्यक्रम के मंडल प्रभारी एवं सहप्रभारी सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में मंच का संचालन जिला महामंत्री नरेश चंद्रोल एवं कार्यक्रम का समापन एसआईआर जिला प्रभारी एवं भाजपा जिलाध्यक्ष जयदत्त झा के द्वारा किया गया। बैठक के अंत में संगठन ने संकल्प लिया कि एसआईआर 2025 अभियान को बूथ स्तर पर 100 प्रतिशत सफलता दिलाई जाएगी। भाजपा संगठन ने यह भी स्पष्ट किया कि हर पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में जोड़ना और दोहरी प्रविष्टियों को हटाना जिले के हर कार्यकर्ता की प्राथमिकता होगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.