अतिथि शिक्षक जुलाई 24 और सितंबर 25 से अब तक शेष भुगतान के लिए पहुंचे जनसुनवाई

रेवाँचल टाईम्स – मण्डला, जिले विकासखंड के अंतर्गत सागर संकुल के सभी विद्यालयों में वर्ग तीन में पढ़ाने वाले अतिथि शिक्षकों को सितंबर 2025 से मानदेय का भुगतान नहीं कराया गया है।जिसको लेकर अतिथि शिक्षक जनसुनवाई में पहुंचे थे,परंतु देर हो जाने के कारण सहायक आयुक्त, कलेक्ट्रेट और विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय के आवक-जावक शाखा में आवेदन देकर वापस जाना पड़ा। अतिथि शिक्षक परिवार मण्डला से जिला अध्यक्ष पी.डी. खैरवार ने आरोप लगाया है,कि शासन-प्रशासन में बैठे जिम्मेदार पदाधिकारी अतिथि शिक्षकों पर तरह-तरह की समस्याओं को थोपे रहते हैं। कभी देर से मानदेय भुगतान तो,कभी भर्ती देर से ,तो कभी अतिथि शिक्षक को सेवा से अनावश्यक अलग करके।जो अतिथि शिक्षकों के लिए कष्टदायक तो है ही,विद्यार्थियों के भी गुणवत्तापूर्ण पठन-पाठन के लिए बाधक है। जानकारी के अनुसार सागर संकुल के वर्ग तीन में पढ़ाने वाले दर्जनों अतिथि शिक्षकों को सितंबर से अब तक का मानदेय नहीं कराया गया है। इतना ही नहीं जुलाई 2024 का मानदेय भी शेष है।जिसके कारण इनके परिवारों पर विपरीत असर पड़ता जा रहा है। मांग की गई है,कि जिन विकासखंडों या संकुलों में भुगतान लंबित है भुगतान जल्द से जल्द किया जाए। सर्वज्ञात है,कि अत्यंत कम मानदेय होने के बावजूद अतिथि शिक्षक ईमानदारी के साथ विद्यालयों में अपनी सेवाएं देने का काम करते आ रहे हैं,जिनको समय पर मानदेय का भुगतान करना शासन-प्रशासन का पहला काम होना चाहिए।शासन के द्वारा जारी आदेश के बाद भी भुगतान में देरी से तरह-तरह की समस्याओं से जूझना पड़ता है।इस समस्या को लेकर मण्डला विकासखंड शिक्षा अधिकारी रंजीत गुप्ता से बात करने पर कहा गया,कि अतिथि शिक्षक वर्ग तीन के भुगतान मद हैड पर आवंटन प्राप्त नहीं हुआ है। वर्ग एक और दो का आवंटन लागातार आ रहा है। वर्ग तीन वालों के हैड में आवंटन प्राप्त होते ही शेष भुगतान कर दिया जाएगा। जुलाई 2024 का शेष भुगतान मेरे संज्ञान में अभी आया है। जिसा भुगतान शीघ्र कर दिया जाएगा।