नगर निगम की लापरवाही ने ली महिला की जान: नरसिंहपुर नाके पर फूटा जनता का गुस्सा

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा|शहर के नरसिंहपुर रोड पर नगर निगम की कार्यप्रणाली की एक बड़ी लापरवाही सामने आई है, जिसने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियाँ उजाड़ दीं। शॉपिंग ज़ोन के सामने अधूरे नाला निर्माण और सड़क पर बिखरे मलबे के कारण हुई सड़क दुर्घटना में श्रीमती शीलू माहेश्वरी की दर्दनाक मौत हो गई। इस घटना के बाद क्षेत्र में भारी आक्रोश व्याप्त है।
*कैसे हुआ हादसा*
गुरुवार सुबह नरसिंहपुर नाका निवासी श्रीमती शीलू माहेश्वरी अपनी योगा क्लास के लिए जा रही थीं। शॉपिंग ज़ोन के पास सड़क पर फैले गिट्टी और मलबे के कारण उनकी गाड़ी अनियंत्रित होकर फिसल गई। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उनकी मृत्यु हो गई।
*निगम की ‘खुदाई’ बनी मौत का जाल*
स्थानीय निवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप है कि नगर निगम ने नाला निर्माण के लिए मुख्य सड़क को बीच से खोद दिया था। खुदाई से निकला मलबा सड़क पर ही छोड़ दिया गया और काम भी बंद कर दिया गया।
अधूरा निर्माण लंबे समय से काम बंद होने के कारण सड़क संकरी हो गई है।
डिवाइडर की खामी पंजाब लॉन के सामने डिवाइडर छोटा होने से वाहन चालकों को सामने से आ रहे वाहन दिखाई नहीं देते।
अंधेरा और धूल निर्माण सामग्री के कारण यहाँ आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन मौन है।
*कांग्रेस ने घेरा प्रशासन*
सौंपी पांच सूत्रीय मांगें
हादसे की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और क्षेत्रीय नागरिक मौके पर एकत्रित हुए और चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। कांग्रेस दल ने कलेक्टर के नाम मांग पत्र सौंपते हुए नगर निगम को इस मौत का सीधे तौर पर जिम्मेदार ठहराया है। *उनकी प्रमुख मांगें इस प्रकार हैं*
दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई लापरवाही बरतने वाले निगम अधिकारियों पर एफआईआर दर्ज हो।
नाला निर्माण तत्काल पूरा हो: सड़क पर बिखरे मलबे और बड़े पत्थरों को तुरंत हटाया जाए।
*भारी वाहनों पर रोक* शॉपिंग ज़ोन और पेट्रोल पंप वाले इस व्यस्त मार्ग से भारी वाहनों (डंपर/ट्रक) का रूट बदला जाए।
*डिवाइडर का सुधार* दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में डिवाइडर की ऊंचाई और विजिबिलिटी बढ़ाई जाए।
पीड़ित परिवार को न्याय मृतका के परिवार को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए।
”यह महज एक दुर्घटना नहीं, बल्कि नगर निगम द्वारा की गई हत्या है। जब सड़क खोद दी गई थी, तो मलबा बीच रास्ते में क्यों छोड़ा गया? प्रशासन की इसी अनदेखी ने आज एक जान ले ली।” स्थानीय प्रदर्शनकारी का कहना l
*भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने जताया शोक*
भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने श्रीमती शीलू अतुल माहेश्वरी के सड़क दुर्घटना में हुए असामयिक दुःखद निधन पर शोक व्यक्त किया है।
भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने एवं परिजनों को इस दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है l