भगवामय हुआ छिंदवाड़ा: बजरंग दल के शौर्य संचलन में उमड़ा जनसैलाब
9 थानों के बल और भारी सुरक्षा के बीच निकली भव्य रैली, अनुशासन के साथ दिया एकजुटता का संदेश

**रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा*रविवार को छिंदवाड़ा की सड़कें भगवा रंग में रंगी नजर आईं। विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल द्वारा आयोजित ‘शौर्य संचलन’ यात्रा में हजारों की संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। सनातनी विचारधारा के संरक्षण और हिंदू समाज की एकजुटता के संकल्प के साथ निकली इस यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों का भ्रमण किया।
कलेक्ट्रेट से हुआ शंखनाद
यात्रा का आगाज शाम 4 बजे कलेक्ट्रेट कार्यालय के समक्ष हुआ। कार्यक्रम में बजरंग दल के राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और प्रांत संयोजकों ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। वक्ताओं ने वर्तमान वैश्विक परिदृश्य में सनातनी मूल्यों की रक्षा और संगठन की शक्ति पर जोर दिया।
*जगह-जगह हुआ पुष्पवर्षा से स्वागत*
कलेक्ट्रेट से शुरू होकर यह संचलन जेल तिराहा, बस स्टैंड, बैल बाजार, छोटा तालाब और छोटी बाजार होते हुए फवारा चौक होते हुए कलेक्ट्रेट मैदान पहुंचा। यात्रा के मार्ग में शहरवासियों ने फूल बरसाकर शौर्य संचलन का भव्य स्वागत किया। कार्यकर्ताओं के अनुशासन और जयकारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा।
*सुरक्षा का अभेद्य किला रहा शहर*
आयोजन की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। छिंदवाड़ा पुलिस के साथ-साथ सिवनी और नरसिंहपुर का अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया। 9 से अधिक थानों के प्रभारियों ने मोर्चा संभाला, जिससे पूरी यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।