सांसद खेल महोत्सव:गुरुकुल के ‘शक्ति’ प्रदर्शन से चकित हुआ छिंदवाड़ा,झटके 109 मेडल

​मप्र के खेल मंत्री विश्वास सारंग और सांसद बंटी साहू ने किया होनहार खिलाड़ियों का सम्मान

*रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा*|सांसद खेल महोत्सव में श्री शक्ति ट्रस्ट द्वारा संचालित संत आशारामजी गुरुकुल के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का लौहा मनवाते हुए जिले भर में सनसनी फैला दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर आयोजित इस महोत्सव में गुरुकुल के छात्रों ने कुल 109 मेडल जीतकर संस्थान और जिले का नाम रोशन किया। इस शानदार उपलब्धि के लिए मध्य प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग और सांसद विवेक बंटी साहू ने विजेता खिलाड़ियों को मेडल और प्रमाण पत्र देकर पुरस्कृत किया।
*​उपलब्धि: 39 में से 16 प्रतियोगिताओं पर गुरुकुल का कब्जा*
​देशभर में खेल महोत्सव के सफल आयोजन में छिंदवाड़ा जिला सातवें स्थान पर रहा, जिसमें 1.85 लाख विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कुल 39 खेल विधाओं में से 16 प्रतियोगिताओं में अकेले गुरुकुल के छात्रों ने जीत दर्ज कर सबको हैरान कर दिया। गुरुकुल की झोली में कुल:
​गोल्ड मेडल: 45
​सिल्वर मेडल: 46
​ब्रोंज (रजत) मेडल: 18
​इन सितारों ने बिखेरी चमक
​पुरस्कृत होने वाले प्रमुख खिलाड़ियों में बिहार के केशव केसरी (कक्षा 11वीं) ने एथलेटिक्स में 3 और बॉक्सिंग में 1 गोल्ड जीतकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा दिखाई। इसके अलावा:
​ताइक्वांडो: पराग साहू (छत्तीसगढ़), पूर्णेन्दु महतो (ओडिशा), अनंत साव (झारखंड) ने स्वर्ण पदक जीता।
​बॉक्सिंग: आनंद कुमार, रुद्र जयसवाल, गणेश निषाद, मोहित यदुवंशी, अभी केसरवानी, विशाल और प्रकाश कुमार ने गोल्ड पर पंच जड़ा।
​कराटे व योगा: सत्यम कुमार (बिहार) ने कराटे और आदित्य पटेल (छत्तीसगढ़) ने योग में गोल्ड हासिल किया।
​प्रशासन ने भी माना प्रबंधन का लोहा
​जिला प्रशासन के विशेष आग्रह पर गुरुकुल परिसर में खो-खो प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया था, जिसके लिए संस्था को विशेष प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। बता दें कि इस गुरुकुल में देश के 24 राज्यों के विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, जो समय-समय पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिले को गौरवान्वित करते रहे हैं।
​गरिमामय उपस्थिति
​सम्मान समारोह के दौरान जिला भाजपा अध्यक्ष शेषराव यादव, महापौर विक्रम आहाके, विधायक कमलेश शाह, कलेक्टर हरेंद्र नारायण और जिला शिक्षा अधिकारी जी.एस. बघेल सहित कई गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
​गुरुकुल की संचालिका दर्शना खट्टर, आश्रम संचालक जयराम भाई और प्रबंधक डॉ. सुशील सिंह परिहार ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों के कड़े परिश्रम और स्पोर्ट्स टीचर मोहन वर्मा व श्रद्धा वर्मा के कुशल मार्गदर्शन को दिया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.