अतिथि शिक्षक वर्षों लंबित मानदेय व अनुभव प्रमाण पत्र की मांग को लेकर मिले बी ई ओ और संकुल प्राचार्य मोहगांव से
_शासन के आदेशानुसार हर महीने की दस तारीख तक मानदेय भुगतान नहीं करने पर उठाए सवाल_

रेवांचल टाइम्स – मण्डला। मोहगांव संकुल के दर्जनों अतिथि शिक्षकों को जुलाई 2024 का मानदेय डेढ़ साल बाद तक भुगतान नहीं किया गया है। इधर हर महीने की दस तारीख तक मानदेय भुगतान किए जाने के शासन के आदेश के बाद भी दिसंबर की आखिरी तारीख तक नवंबर का भुगतान नहीं किया गया है तथा अनुभव प्रमाण पत्र बनाए जाने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर खत्म हो जाने के बाद भी अनुभव प्रमाण पत्र नहीं बनाए गए हैं।इन तीनों की मांग को लेकर सोमवार 29 दिसंबर को विकासखंड शिक्षा अधिकारी और संकुल प्राचार्य मोहगांव से मिलकर ज्ञापन सौंपा गया है। इन तीनों मांगों को शीघ्र ही पूरा किए जाने का उल्लेख ज्ञापन में किया गया है। बता दें,कि अतिथि शिक्षक परिवार मण्डला जिला अध्यक्ष पी.डी.खैरवार के द्वारा लंबित मानदेय को लेकर पिछले चार महीने पहले से संकुल प्राचार्य,विकासखंड शिक्षा अधिकारी और सहायक आयुक्त तक को पत्र लिखे जा चुके हैं। बावजूद अब तक भुगतान की कोई कार्रवाई नहीं की जा सकी है। जिससे मोहगांव विकासखंड के अतिथि शिक्षकों के साथ आर्थिक दबाव और भी बढ़ता जा रहा है। ज्ञापन पत्र में उल्लेख किए गए तीनों मांगों को शीघ्र ही पूरा किए जाने का आग्रह पुनः किया गया है। वरन संविधानिक तरीके से आंदोलन का सहारा लेने की भी आवश्यकता पड़ सकती है। संगठन के ब्लाक अध्यक्ष जितेंद्र झरिया, सचिव हेमंत साहू,
सफल बघेल, प्यारे पालेश्वर,सुम्मत कुमरे,इंद्रमेन कुड़ापे, महेश बैरागी, राजेश गोल्हानी,ललित नारायण नंदा, रामकुमार साहू, रोहित धुर्वे,सविता भांडे,आनंद, रिहान राज,भारत मरावी, विंध्यवासिनी साहू सहित अन्य अतिथि शिक्षक भी इस अवसर पर अपनी उपस्थिति दिए।
पी डी खैरवार मण्डला।