करंट के जाल ने ली किशोर की जान, दूसरा गंभीर रूप से झुलसा
मंडला | बिछिया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत खलोड़ी में जंगली जानवरों के शिकार के लिए खेत के पास बिछाए गए करंटयुक्त जाल ने एक किशोर की जान ले ली, जबकि दूसरा गंभीर रूप से झुलस गया। हादसे से इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खलोड़ी निवासी नीलेश मरावी (17) और लोकेश आर्मो (15) जंगल से मवेशी चराकर घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेत के पास अवैध रूप से बिछाए गए करंट के जाल की चपेट में दोनों आ गए। हादसे में नीलेश मरावी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि लोकेश गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना को देखकर आसपास से गुजर रहे ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी और घायल लोकेश को अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत को देखते हुए भर्ती कर उपचार शुरू किया गया है।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, पंचनामा व जांच कार्रवाई के बाद अज्ञात शिकारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने अवैध करंट जाल बिछाने वालों की तलाश शुरू कर दी है। घटना के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है और ऐसे खतरनाक जालों पर सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।