फील्ड ट्रिप के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारियों से अवगत हुए बच्चे

रेवांचल टाइम्स – मंडला, किड्जी प्ले स्कूल, सिविल लाइन्स के बच्चों ने स्टेट बैंक, यातायात थाना, पुलिस थाना, रेल्वे स्टेशन, नगर पालिका का किया भ्रमण।
किड्जी प्ले स्कूल सिविल लाइन्स मंडला ने नन्हे विद्यार्थियों के लिए एक मनोरम फील्ड ट्रिप का आयोजन किया, इस अभियान का उद्देश्य नन्हें बच्चों को समुदाय सहायक एवं पब्लिक सेक्टर की आवश्यक जानकारी के साथ व्यापक बनाना,स्कूली शिक्षा के साथ हमारी दैनिक गतिविधियों में इन विभागों के योगदान से अवगत कराना रहा। स्कूली शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने विभिन्न स्थानों का भ्रमण किया।
इस दौरान स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया में विजिट के दौरान ब्रांच मैनेजर शेखर कोल्हे ने बच्चों को बैंकिंग गतिविधियों की जानकारी दी। यहां पर हमारे खाते में रकम जमा करना,रकम निकालना, एफडी आदि हमारे रोजाना की दिनचर्या में बैंकिंग के महत्व को समझाया।
यातायात विभाग के भ्रमण करने के दौरान यातायात प्रभारी ललित धुर्वे,सूबेदार योगेश राजपूत ने बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देते हुए सुरक्षित जीवन के लिए इन नियमों के आवश्यक पालन करने के लिए प्रेरित किया गया। दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक जानकारियां दी गई।
थाना कोतवाली के भ्रमण के दौरान थाना नगर निरीक्षक शफीक खान के निर्देशन में बच्चों को थाने के लॉकर, शिकायत दर्ज कराने के संबंध में आवश्यक जानकारी से अवगत कराया गया। बढ़ते क्राइम से सतर्क रहने के लिए आवश्यक तथ्य बताए गए। पुलिस से निर्भीक निडर होकर रहें और सबका सहारा 112 डायल को प्राथमिकता दें।
रेलवे स्टेशन महाराजपुर में स्टेशन मास्टर आर के श्रीवास्तव के निर्देशन में बच्चों को टिकिट कलेक्शन,रेल के इंजन को जोड़ना,रेलवे संचालन, आधुनिक पैनल रूम संबंधित बच्चों को महत्वपूर्ण जानकारी से अवगत कराया।
इसके पश्चात नगर पालिका मंडला में मुख्य नगर पालिका अधिकारी गजानन नाफडे़ के निर्देशन में फायर शाखा डायल 101 के संबंध में जानकारी दी गई, किसी स्थान पर आग लगने, विभाग को सूचित करने से लेकर आग बुझाने तक की मौजूद गतिविधियों के माध्यम से अवगत कराया गया।
फील्ड ट्रिप ने न केवल बच्चों के ज्ञान को बढ़ाया बल्कि टीम वर्क और सामाजिक संपर्क को भी बढ़ावा दिया। फील्ड ट्रिप के संचालन में डायरेक्टर निशांत शुक्ला, स्कूल प्राचार्या शालिनी शुक्ला एवं एकेडमिक कोऑर्डिनेटर राशि पमनानी एवं स्कूल प्रबंधन का विशेष योगदान रहा।