तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक सवार परिवार को रौंदा, महिला की मौके पर मौत
मंडला। मंडला के भावल चौराहा पर तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला। तेज गति से आए एक पिकअप वाहन ने मोटरसाइकिल सवार परिवार को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पति और बेटी गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कोंडरा निवासी उमेश विश्वकर्मा (50) अपनी पत्नी यमुना विश्वकर्मा (45) और 18 वर्षीय बेटी संगीता को मोटरसाइकिल पर बैठाकर किसी रिश्तेदार के घर जा रहे थे। जैसे ही वे भावल चौराहा पार कर आगे बढ़े, पीछे से आए पिकअप वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों व स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद की।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणगंज पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने यमुना विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल उमेश विश्वकर्मा को प्राथमिक उपचार के बाद जबलपुर रेफर किया गया है, जबकि बेटी संगीता का इलाज नारायणगंज अस्पताल में जारी है।
पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर पिकअप वाहन जब्त कर लिया है। मामले की जांच जारी है।