सामुदायिक नेतृत्वकर्ता का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित

27

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – बरगी नगर।सामुदायिक नेतृत्व को सशक्त बनाने एवं समाज के वंचित वर्गों को उनके वैधानिक अधिकारों और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देने के उद्देश्य से सच्चा प्रयास समिति द्वारा “सामुदायिक नेताओं के लिए अधिकारों (एंटाइटलमेंट्स) एवं कल्याणकारी योजनाओं पर प्रशिक्षण” विषय पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम में बतौर साधन व्यक्ति वरिष्ठ सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार सिन्हा एवं शिव प्रताप मरकाम, वन अधिकार समिति के सदस्य एवं जनपद सदस्य उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतिभागियों को पात्रता अधिकारों की अवधारणा, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याणकारी योजनाओं, वन अधिकार कानून, आवेदन प्रक्रिया, दस्तावेज़ीकरण तथा लाभ प्राप्ति में आने वाली व्यवहारिक चुनौतियों पर विस्तार से जानकारी दी।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि आज भी बड़ी संख्या में जरूरतमंद लोग जानकारी के अभाव में सरकारी योजनाओं से वंचित रह जाते हैं। ऐसे में सामुदायिक नेताओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है, जो गांव-स्तर पर लोगों को जागरूक कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाने में सेतु का कार्य कर सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों के साथ समूह चर्चा, प्रश्न-उत्तर एवं अनुभव साझा करने के माध्यम से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और अधिकार प्राप्ति की रणनीतियों पर भी चर्चा की गई। अंत में प्रतिभागियों द्वारा अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने एवं पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने का संकल्प लिया गया।
सच्चा प्रयास समिति ने बताया कि संस्था द्वारा भविष्य में भी ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित कर सामुदायिक नेतृत्व को मजबूत करने का प्रयास जारी रखा जाएगा कार्यक्रम में संस्था प्रमुख परवेज खान, सुनील सैनी, अफजल खान, ओम प्रकाश परस्ते, नन्हेंलाल रजक, बसोरी लाल बर्मन, सीताराम सैयाम दिमाग प्रसाद की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।

Leave A Reply

Your email address will not be published.