स्कूलों में पानी की गंभीर समस्या जनसुनवाई में पहुंची, रसोइया संगठन ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
जून का बकाया मानदेय, नियमित नौकरी और सम्मानजनक वेतन की उठाई मांग
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।जिले के शासकीय स्कूलों में पेयजल की गंभीर समस्या को लेकर मण्डला रसोइया उत्थान संघ समिति ने जनसुनवाई में पहुंचकर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट कराया। संगठन ने मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए स्कूलों में पानी की पर्याप्त और शुद्ध व्यवस्था शीघ्र सुनिश्चित कराने की मांग की है।
संगठन के संस्थापक पी.डी. खैरवार ने बताया कि जिले के अधिकांश शासकीय स्कूलों में मध्यान्ह भोजन योजना के संचालन के लिए आवश्यक पानी की समुचित व्यवस्था नहीं है। कई स्कूलों में नल-जल योजना के तहत कनेक्शन तो लगाए गए हैं और टंकियां भी रखी गई हैं, लेकिन अधिकांश स्थानों पर पानी की सप्लाई बंद पड़ी है या फिर पानी पीने योग्य नहीं है।
दूर से पानी ढोने को मजबूर रसोईया
उन्होंने बताया कि कई स्कूलों में रसोईयों को दूर-दराज से पानी ढोकर रसोई तक लाना पड़ता है, जिससे समय पर मध्यान्ह भोजन पकाने और बच्चों को खिलाने में भारी परेशानी होती है। पानी की कमी सीधे तौर पर बच्चों के पोषण और स्वच्छता पर भी प्रतिकूल असर डाल रही है।
जून माह का मानदेय वर्षों से लंबित
रसोईया संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि जून महीने का मानदेय पिछले तीन-चार वर्षों से भुगतान नहीं किया गया है। इसके अलावा स्कूल मर्ज होने या छात्र संख्या कम होने का हवाला देकर रसोईयों को काम से अलग किया जा रहा है, जो पूरी तरह अन्यायपूर्ण है।
कुछ स्कूलों में मध्यान्ह भोजन के अतिरिक्त अन्य कार्य भी रसोईयों से कराए जाते हैं, लेकिन उसके बदले कोई अतिरिक्त पारिश्रमिक नहीं दिया जाता।
नियमित नौकरी और वेतन बढ़ाने की मांग
ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग की गई कि रसोईयों की नौकरी नियमित (पक्की) की जाए, साथ ही बीमा, अवकाश और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएं।
संगठन ने यह भी कहा कि ₹4000 के अत्यंत कम मानदेय में परिवार का पालन-पोषण संभव नहीं है, इसलिए इसे बढ़ाकर सम्मानजनक वेतन दिया जाए तथा हर माह निर्धारित समय पर मानदेय का भुगतान सुनिश्चित किया जाए।
बड़ी संख्या में रसोईया रहे उपस्थित
इस अवसर पर जिला अध्यक्ष कुंवर सिंह मरकाम, कृष्णा धार्वैया, जयंती अहिरवार, गंगोत्री विश्वकर्मा, झाम सिंह यादव, रम्मू साहू, विद्या विश्वकर्मा, जगत मार्को, भागरती, आशा पनरिया, सेव कुमारी यादव, अनीता पनरिया, रमेश सहित बड़ी संख्या में रसोईया संगठन के सदस्य उपस्थित रहे।