महाराजपुर के पैरामेडिकल छात्रों ने रक्तदान कर मानवता का दिया संदेश, 7 यूनिट रक्त किया दान
जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में आयोजित शिविर में भ्रांतियों को किया गया दूर
दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला, 14 फरवरी 2026 स्वयं सिद्ध इंस्टीट्यूट ऑफ पैरामेडिकल टेक्नोलॉजी, महाराजपुर के छात्र-छात्राओं ने समाज सेवा में अनुकरणीय मिसाल पेश की है। 14 फरवरी को संस्था के छात्र-छात्राओं द्वारा जिला चिकित्सालय के ब्लड बैंक में आयोजित रक्तदान शिविर में 7 यूनिट रक्तदान किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य न केवल रक्त की कमी को पूरा करना था, बल्कि युवाओं में रक्तदान के प्रति जागरूकता फैलाना भी था।
शिविर में जिला चिकित्सालय के पैथोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. योगेश सिरश्याम विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने पैरामेडिकल के छात्र-छात्राओं को रक्तदान से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करते हुए इससे होने वाले स्वास्थ्य लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके साथ ही, छात्र-छात्राओं को ब्लड बैंक में रक्त संग्रहण, परीक्षण और भंडारण की समस्त तकनीकी प्रक्रिया से भी अवगत कराया गया, जो उनके व्यावहारिक ज्ञान के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण रहा।
रक्तदान के उपरांत जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. विजय धुर्वे ने सभी रक्तदाता विद्यार्थियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनका उत्साहवर्धन किया। डॉ. धुर्वे ने युवाओं को भविष्य में भी नियमित रूप से रक्तदान करने के लिए प्रेरित किया। संस्था के जिन विद्यार्थियों ने रक्तदान किया, उनमें सुरेंद्र यादव, लखन बरकडे, कुलदीप पटेल, संग्राम सिंह, तरेंद्र टेकाम, ललिता यूके और नितिन कुर्मी शामिल हैं।
इस अवसर पर स्वयं सिद्ध पैरामेडिकल संस्था के प्रभारी प्राचार्य डॉ. समीर साहू, ब्रांच कोर्डिनेटर राजेंद्र मेहरा, श्रीमति वर्षा तिवारी, सुरेंद्र यादव, सुश्री शीतल ऊईके, सुश्री अमीषा विश्वकर्मा, सुश्री राजकुमारी सलाम सहित संस्था का समस्त स्टाफ और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।