दंगल में छिंदवाड़ा का दम: मप्र के पहलवानों ने जीते 4 पदक, खेलो इंडिया के लिए 8 का चयन
शिवा भलावी ने जीता रजत, राधिका धुर्वे ने भी पक्का किया 'खेलो इंडिया' का टिकट

रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
नई दिल्ली के प्रतिष्ठित के.डी. जाधव कुश्ती स्टेडियम में आयोजित ‘2nd Phase खेलो इंडिया अनुसूचित जनजाति (ST) कुश्ती ट्रायल’ में मध्य प्रदेश के पहलवानों ने अपने कौशल और जोश का लोहा मनवाया है। प्रदेश के दल ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक रजत और तीन कांस्य पदक सहित कुल चार पदक अपने नाम किए।
इस प्रदर्शन के आधार पर प्रदेश के कुल 8 पहलवानों का चयन खेलो इंडिया एसटी गेम्स 2026 (छत्तीसगढ़) के लिए हुआ है।
जिला एमेच्योर कुश्ती संघ, छिंदवाड़ा के सचिव मयूर यादव ने बताया कि मध्य प्रदेश के इस गौरवशाली दल में छिंदवाड़ा जिले के दो होनहार पहलवान शामिल थे, जिन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरी।
पदक तालिका और क्वालीफाई करने वाले खिलाड़ी
मध्य प्रदेश के इन जांबाज खिलाड़ियों ने अपनी रैंकिंग सुनिश्चित कर आगामी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए क्वालीफाई किया
महिला वर्ग: चांदनी नरेटी: 59 किग्रा (कांस्य पदक)
राधिका धुर्वे: 53 किग्रा (5th रैंक – क्वालीफाई)
संजना: 57 किग्रा (7th रैंक – क्वालीफाई)
पुरुष फ्रीस्टाइल
निखिल गोटिया: 97 किग्रा (कांस्य पदक)
पुरुष ग्रीको रोमन
शिवा भलावी: 130 किग्रा (रजत पदक क्वालीफाई)
गोपाल सिंगार 87 किग्रा (कांस्य पदक)
दिव्यांशु सरवटे 97 किग्रा (6th रैंक – क्वालीफाई)
हर्षित भलावी: 67 किग्रा (7th रैंक – क्वालीफाई)
छिंदवाड़ा के लिए गौरव का क्षण
जिले के लिए यह दोहरी खुशी का अवसर है। 130 किग्रा वर्ग में शिवा भलावी ने रजत पदक जीतकर और 53 किग्रा वर्ग में राधिका धुर्वे ने टॉप रैंकिंग प्राप्त कर छत्तीसगढ़ में होने वाले ‘खेलो इंडिया’ के लिए अपनी जगह पक्की कर ली है। जनजाति क्षेत्र से निकलकर राष्ट्रीय पटल पर छाने वाली यह उपलब्धि जिले के कुश्ती जगत के लिए मील का पत्थर साबित होगी।
खेल प्रेमियों में हर्ष की लहर
खिलाड़ियों की इस ऐतिहासिक सफलता पर मध्य प्रदेश एमेच्योर कुश्ती संघ के अध्यक्ष नारायण यादव, सचिव सुरेश यादव, जिला खेल एवं युवा कल्याण विभाग और समस्त कुश्ती प्रेमियों ने बधाई दी है।
”हम खिलाड़ियों को और आधुनिक सुविधाएँ उपलब्ध कराएंगे, ताकि जिले के खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर और भी शानदार प्रदर्शन कर सकें। जब हमारे क्षेत्र का पहलवान राष्ट्रीय स्तर पर मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेगा, तो यह पूरे अंचल के लिए गौरव की बात होगी।”
देवेन्द्र वर्मा, संरक्षक (जिला एमेच्योर कुश्ती संघ, छिंदवाड़ा)