निवास विधायक चैन सिंह वरकड़े ने किया विभिन्न निर्माण कार्यों का भूमि पूजन व लोकार्पण, जनसंवाद में सुनी ग्रामीणों की समस्याएं

3

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला। विकासखंड मोहगाँव में 14 फरवरी 2026 को निवास विधानसभा क्षेत्र के विधायक चैन सिंह वरकड़े का सघन दौरा कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को गति देते हुए कई निर्माण कार्यों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। विधायक के लगातार सक्रिय दौरे और विकास कार्यों की सौगात से आमजनों में उनके प्रति उत्साह और प्रशंसा का माहौल देखा गया।
दौरे के दौरान ग्राम पंचायत देवगाँव में रंगमंच निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया। वहीं ग्राम पंचायत मुनू के पोषक ग्राम कसौटा में भी रंगमंच निर्माण के लिए भूमि पूजन संपन्न हुआ। ग्राम पंचायत निधानी में राशन वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने हेतु सोसाइटी भवन निर्माण का भूमि पूजन किया गया।
इसके साथ ही ग्राम पंचायत खर्राछापर के पोषक ग्राम पीपरदर्रा में खेरमाई मंदिर पहुंच मार्ग के लिए सीसी सड़क निर्माण कार्य का भूमि पूजन किया गया, जिससे श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायत कुम्हर्रा में नवीन रंगमंच निर्माण कार्य का लोकार्पण भी विधायक द्वारा किया गया।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ग्राम पंचायत भवन कुम्हर्रा में आयोजित जनसंवाद में शामिल हुए, जहां उन्होंने ग्रामीणों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और निराकरण का आश्वासन दिया। साथ ही पंचायत में हुए विकास कार्यों की सराहना करते हुए अन्य आवश्यक कार्यों को प्राथमिकता से कराने की बात कही।
इस अवसर पर जनपद पंचायत मोहगाँव के जनप्रतिनिधि, संबंधित ग्राम पंचायतों के सरपंच-सचिव तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। विधायक ने कहा कि क्षेत्र का समग्र विकास उनकी प्राथमिकता है और हर गांव तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना उनका लक्ष्य है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.