नगर पालिका परासिया अध्यक्ष विनोद मालवीय को जेल, फेसबुक पर दी थी सुसाइड की धमकी
रेवांचल टाइम्स छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला
जिले के परासिया क्षेत्र में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई जब नगर पालिका अध्यक्ष विनोद मालवीय को विशेष न्यायालय के आदेश पर न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। न्यायालय के इस कड़े रुख के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मालवीय को जिला जेल में दाखिल कराया।
एट्रोसिटी एक्ट के तहत हुई कार्रवाई
यह पूरा मामला चांदामेटा निवासी एक महिला की शिकायत से जुड़ा है। महिला द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने विनोद मालवीय के विरुद्ध और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया था। पुलिस ने मंगलवार को मालवीय को गिरफ्तार किया और बुधवार को उन्हें विशेष न्यायाधीश (एट्रोसिटी) सुदीप मिश्रा की अदालत में पेश किया गया।
सुनवाई के दौरान मामले की गंभीरता को देखते हुए न्यायालय ने तत्काल जेल वारंट जारी करने के निर्देश दिए। आदेश मिलते ही पुलिस सुरक्षा घेरे में उन्हें वाहन से जिला जेल ले जाया गया।
फेसबुक पर धमकी का नहीं हुआ असर
उल्लेखनीय है कि गिरफ्तारी से पूर्व विनोद मालवीय ने फेसबुक के माध्यम से आत्महत्या करने जैसी धमकियां भी दी थीं, जिसे पुलिस और न्यायपालिका पर दबाव बनाने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि, न्यायालय में उनकी एक न चली और उन्हें जेल की सलाखों के पीछे जाना पड़ा।
विवादों और मुकदमों से पुराना नाता
विनोद मालवीय का विवादों से पुराना नाता रहा है। वे पहले भी जेल की यात्रा कर चुके हैं। उनके विरुद्ध आपराधिक रिकॉर्ड की फेहरिस्त लंबी हैl
नया मामला पिछले सप्ताह ही परासिया थाने में एक अन्य महिला की शिकायत पर उनके खिलाफ IT एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज हुआ है।
लंबित मामले वर्तमान में उन पर तीन IT एक्ट और तीन सट्टा एक्ट के गंभीर मामले दर्ज हैं।
पार्टी से निष्कासन लगातार बढ़ती अनुशासनहीनता और आपराधिक गतिविधियों के चलते भारतीय जनता पार्टी उन्हें पहले ही 6 वर्ष के लिए पार्टी से निष्कासित कर चुकी है।
न्यायालय परिसर में पेशी के दौरान किसी भी अप्रिय स्थिति को टालने के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहा। फिलहाल, पुलिस प्रशासन का कहना है कि मामले में जांच जारी है और कानून के अनुसार आगे की कार्यवाही की जाएगी।