सांसद कप के समापन में शामिल होंगे पूर्व हॉकी कप्तान डॉ. दिलीप तिर्की
23 फरवरी को महात्मा गांधी स्टेडियम में होगा भव्य खेल महोत्सव
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान, अर्जुन पुरस्कार एवं पद्मश्री से सम्मानित तथा पूर्व राज्यसभा सांसद दिलीप तिर्की 23 फरवरी को मंडला नगर स्थित महात्मा गांधी स्टेडियम मंडला में आयोजित सांसद कप 2026 के समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। उनके आगमन से खेल प्रेमियों में उत्साह का माहौल है।
कुलस्ते वेलफेयर फाउंडेशन द्वारा आयोजित संसदीय एवं अंतरराज्यीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता (सीजन-3) का यह समापन समारोह खेल प्रतिभाओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगा। फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक वेद प्रकाश कुलस्ते ने बताया कि सांसद कप खेल महोत्सव का आयोजन खेलो इंडिया की भावना को साकार करने के उद्देश्य से किया गया है, ताकि उभरते खिलाड़ियों को बड़ा मंच मिल सके और वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर नई पहचान बना सकें।
समापन समारोह में मंडला सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के जनप्रतिनिधि, खेल संगठनों के पदाधिकारी, खिलाड़ी, गणमान्य नागरिक एवं पत्रकारों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी।
आयोजकों ने जिले की खेल हस्तियों, खिलाड़ियों और आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।