फिर नहीं पहुँचा उचित मूल्य दुकानों में मिड डे मील का राशन
सांझा चूल्हा कार्यक्रम भी प्रभावित, समूहों में आक्रोश
दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला।मंडला जिले में शासन-प्रशासन की कार्यशैली एक बार फिर सवालों के घेरे में है। जानकारी के अनुसार शासकीय उचित मूल्य दुकानों में सरकारी स्कूलों के मध्यान्ह भोजन के लिए चावल तथा आंगनबाड़ी केन्द्रों में संचालित सांझा चूल्हा कार्यक्रम हेतु फरवरी माह की राशन सामग्री अब तक नहीं पहुँचाई गई है।
सबसे बड़ी बात यह है कि किस माह का राशन कब दिया जा रहा है, इसकी स्पष्ट जानकारी भी संबंधित विभाग द्वारा नहीं दी जा रही है। प्रतिमाह समय पर खाद्यान्न उपलब्ध नहीं होने से व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो रही है और भोजन संचालन करने वाले समूहों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
राशि भुगतान में भी लगातार देरी की शिकायतें सामने आ रही हैं, जिससे समूह आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं। जिम्मेदार विभाग की इस लापरवाही का सीधा असर स्कूलों और आंगनबाड़ी केन्द्रों में बच्चों को मिलने वाले पोषण आहार पर पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह केवल अव्यवस्था नहीं बल्कि गंभीर प्रशासनिक उदासीनता का मामला है। उन्होंने मांग की है कि पूरे प्रकरण की जांच कराई जाए और यह स्पष्ट किया जाए कि आखिर राशन वितरण में लगातार लापरवाही क्यों हो रही है। दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की भी मांग उठाई गई है।