एमपीईबी का कारनामा: 30 फीट की सड़क बनी 20 फीट!

धर्मकांटे को फायदा पहुँचाने बीच सड़क गाड़ दिया ट्रांसफार्मर?

4

दैनिक रेवांचल टाइम्स – सिवनी।छिंदवाड़ा रोड स्थित एक मुख्य मार्ग पर मध्य प्रदेश विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड (एमपीईबी) की कार्यप्रणाली को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। आरोप है कि लगभग 30 फीट चौड़ी सड़क के बीचों-बीच ट्रांसफार्मर खड़ा कर दिए जाने से सड़क अब महज 20 फीट की रह गई है, जिससे आवागमन बाधित हो रहा है और हादसों का खतरा बढ़ गया है।
क्या है पूरा मामला
स्थानीय रहवासियों के अनुसार यह मार्ग अंदर बसे दर्जनों परिवारों का मुख्य आवागमन रास्ता है। पहले सड़क पूरी चौड़ाई में खुली थी, लेकिन ट्रांसफार्मर स्थापित होने के बाद रास्ता अचानक संकरा हो जाता है और आगे जाकर फिर 30 फीट चौड़ा दिखाई देता है।
आरोप यह भी है कि बची हुई 4–5 फीट जगह पर भी कब्जा कर लिया गया, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
संदेह के घेरे में विभागीय कार्रवाई
मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। लोगों का कहना है कि —
क्या बिजली विभाग ने बिना नाप-जोख के ट्रांसफार्मर लगा दिया?
क्या जानबूझकर सड़क को संकरा किया गया?
क्या किसी विशेष धर्मकांटे को लाभ पहुँचाने के लिए यह पूरा खेल रचा गया?
बीच सड़क ट्रांसफार्मर लगाने की अनुमति आखिर किस अधिकारी ने दी?
जनता में आक्रोश, बढ़ा दुर्घटना का खतरा
रहवासियों का कहना है कि अब इस मार्ग से भारी वाहन निकालना मुश्किल हो गया है। एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड जैसे आपातकालीन वाहनों के लिए भी रास्ता जोखिम भरा हो गया है। लोगों को डर है कि भविष्य में यदि कोई बड़ा हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी किसकी होगी।
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि —
पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए
सड़क की मूल चौड़ाई बहाल की जाए
बीच सड़क लगाए गए ट्रांसफार्मर को हटाया जाए
दोषी अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए
अब सभी की नजर बिजली विभाग की प्रतिक्रिया पर टिकी है — यह लापरवाही है, तकनीकी अज्ञानता या फिर सुनियोजित सांठगांठ?

Leave A Reply

Your email address will not be published.