मंडला पुलिस की बड़ी सफलता — 253 गुम मोबाइल रिकवर कर वैध धारकों को लौटाए, कीमत ₹38 लाख

7

दैनिक रेवांचल टाईम्स – मंडला पुलिस की पहल — थाना स्तर पर डिसेंट्रलाइज्ड मोबाइल वितरण, माइक्रोबीट अधिकारी घर पहुंच कर, कर रहे सुपुर्दगी

मंडला पुलिस का अभियान — दो वर्षों में ₹4 करोड़ से अधिक कीमत के मोबाइल लौटाए

पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा के निर्देशन में आमजन के गुम हुए मोबाइल फोन की शीघ्र बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत आज दिनांक 24/02/2026 को पुलिस कंट्रोल रूम मंडला में रिकवर किए गए मोबाइल फोन उनके वैध मोबाइल धारकों को प्रदान किए गए।

इस अवसर पर आज मुख्यालय स्तर पर पुलिस अधीक्षक मंडला रजत सकलेचा द्वारा थाना कोतवाली एवं थाना महाराजपुर क्षेत्र अंतर्गत गुम हुए कुल 171 मोबाइल फोन तथा अनुविभागीय स्तर पर जिले के समस्त थानों द्वारा बरामद कुल 253 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹38 लाख रुपये है, मोबाइल धारकों को सुपुर्द किए गए। अपने गुम मोबाइल वापस प्राप्त कर हितग्राहियों द्वारा मंडला पुलिस का आभार व्यक्त किया गया।
आमजन की सहूलियत को दृष्टिगत रखते हुए जिला मुख्यालय के अतिरिक्त मोबाइल फोन का डिसेंट्रलाइज्ड डिस्ट्रीब्यूशन (विकेंद्रीकृत वितरण) थाना स्तर पर भी किया जा रहा है, जिससे नागरिकों को शीघ्र एवं आसानी से अपने मोबाइल प्राप्त हो सकें। साथ ही कान्हा नेशनल पार्क से लगे दूरस्थ क्षेत्रों में माइक्रोबीट अधिकारियों द्वारा फरियादियों के घर पहुंचकर भी मोबाइल सुपुर्द किए जा रहे हैं।

उल्लेखनीय है कि मंडला पुलिस द्वारा CEIR एवं NCRP पोर्टल के प्रभावी उपयोग, साइबर डेस्क की सक्रियता तथा थाना स्तर पर गठित प्रशिक्षित टीमों के माध्यम से मोबाइल रिकवरी अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके परिणामस्वरूप पिछले दो वर्षों में मंडला पुलिस द्वारा कुल 2767 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत लगभग ₹4 करोड़ 15 लाख रुपये है, रिकवर कर उनके वैध मालिकों को लौटाए जा चुके हैं।

मंडला पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है तथा आमजन को CEIR पोर्टल के उपयोग एवं साइबर जागरूकता के संबंध में भी निरंतर जागरूक किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम मंडला में कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान, थाना प्रभारी महाराजपुर जय सिंह यादव, मोबाइल धारक उनके परिजन एवं पत्रकार बंधु सहित साइबर सेल के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.