भुआ बिछिया नगर फिर चढ़ा भ्रष्टाचार की भेंट, सीसी रोड पर ‘फिनिशिंग टच’ के नाम पर लीपापोती — नगरवासियों में भारी आक्रोश

दैनिक रेवांचल टाइम्स, मंडला।आदिवासी बाहुल्य मंडला जिला के नगर परिषद नगर परिषद भुआ बिछिया में विकास कार्यों के नाम पर एक बार फिर गंभीर अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। सीसी रोड पर फिनिशिंग टच के नाम पर डामरीकरण कर निर्माण कार्य में लीपापोती किए जाने से नगरवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 6 एवं 9 में किए जा रहे सड़क निर्माण ने प्रशासनिक व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। मौके पर पहुंचकर देखने पर स्पष्ट हुआ कि जहां 40 मिमी गिट्टी सहित निर्धारित मापदंडों के अनुसार लेआउट होना था, वहां गुणवत्ता और मोटाई दोनों में भारी कमी दिखाई दी।
मानकों की खुली अनदेखी
सड़क की मोटाई एवं चौड़ाई निर्धारित शासकीय गाइडलाइन के अनुरूप नहीं
घटिया डामर एवं गिट्टी का उपयोग
कई स्थानों पर पुरानी सीसी सड़क तक दिखाई दे रही
निर्माण के दो दिन के भीतर ही सड़क उखड़ना शुरू
वार्डवासियों बंटी बजाज, फिरोज खान, पप्पू कोस्टा, राहुल नामदेव सहित अन्य नागरिकों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और परिषद की मिलीभगत से पहले से बनी सीसी सड़क पर केवल डामर चढ़ाकर राशि का बंदरबांट किया जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि “नगर परिषद में यह कोई पहला मामला नहीं है। कमीशन तय होने के बाद ही काम कराया जाता है। पहले भी जांच में अधिकारी-कर्मचारी जेल तक जा चुके हैं, लेकिन व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ।”
पहली बारिश में उखड़ने का खतरा
निवासियों के अनुसार सड़क निर्माण पूर्ण होने से पहले ही उखड़ने लगी है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि पहली बारिश में ही पूरी सड़क खराब हो जाएगी। रातों-रात निर्माण कर खानापूर्ति करने का भी आरोप लगाया गया है।
इंजीनियर-ठेकेदार की मिलीभगत का आरोप
वार्ड क्रमांक 6 के लोगों ने निर्माण कार्य को सीधे-सीधे भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ा हुआ बताते हुए संबंधित ठेकेदार एवं विभागीय इंजीनियरों की भूमिका की जांच की मांग की है।
अध्यक्ष का पक्ष
नगर परिषद अध्यक्ष रजनी मरावी ने आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि
“वार्ड 6 और 9 में सड़क निर्माण स्टीमेट के अनुसार किया जा रहा है। लगभग 50 लाख रुपये स्वीकृत हैं और अलग-अलग स्थानों पर डामर सड़क बनाई जाएगी। ठेकेदार अच्छा काम कर रहा है और मैं स्वयं मौके पर खड़े होकर निर्माण कार्य की निगरानी कर रही हूं।”
जांच की मांग तेज
मामले को लेकर नगरवासियों ने उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों पर कार्रवाई तथा गुणवत्ता के अनुरूप पुनः निर्माण कराने की मांग की है।