मंडला में भीड़ का कहर: बच्चा चोर की अफवाह में बालक की पिटाई, अगले दिन सड़क पर मिली लाश
मंडला। मध्यप्रदेश के मंडला जिले में मॉब लिंचिंग जैसी सनसनीखेज घटना सामने आई है। ग्राम बरखेड़ा, थाना बिछिया क्षेत्र में बच्चा चोर गिरोह की अफवाह के बीच एक अज्ञात बालक को ग्रामीणों ने संदिग्ध मानते हुए बुरी तरह पीट दिया। घायल बालक को पुलिस ने अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन अगले दिन सुबह करीब 10:30 बजे उसकी लाश सड़क पर मिलने से पूरे क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल बन गया।
अफवाह ने ली हिंसा का रूप
जानकारी के अनुसार, गांव में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोर गिरोह के सक्रिय होने की अफवाह फैली हुई थी। हालात ऐसे हो गए थे कि लोगों ने अपने बच्चों को घरों से बाहर भेजना बंद कर दिया था और शाम सात बजे के बाद गांव में सन्नाटा पसर जाता था।
इसी बीच एक अनजान बालक गांव में घूमता दिखाई दिया। ग्रामीणों ने उसे पहले कभी नहीं देखा था, जिससे शक गहराया। देखते ही देखते भीड़ इकट्ठा हो गई और बालक को बच्चा चोर गिरोह का सदस्य बताकर घेर लिया। आरोप है कि ग्रामीणों ने उसे बांधकर लाठियों और पत्थरों से बेरहमी से पीटा। बालक चीखता-चिल्लाता रहा, लेकिन भीड़ किसी की सुनने को तैयार नहीं थी।
पुलिस ने छुड़ाया, अस्पताल से हुआ फरार
सूचना मिलते ही सरपंच ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने बालक को भीड़ से छुड़ाकर शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि उपचार के दौरान बालक अस्पताल से निकल गया। आशंका जताई जा रही है कि भागते समय किसी अज्ञात वाहन की टक्कर से उसकी मौत हुई होगी।
हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कर अंतिम संस्कार करा दिया है, लेकिन अब तक बालक की पहचान नहीं हो सकी है। उसके परिजनों की तलाश की जा रही है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के आधार पर मारपीट में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी गई है और आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया जारी है।