मंडला में दर्दनाक सड़क हादसा: डंपर ने ढाई वर्षीय मासूम को कुचला, क्षेत्र में हड़कंप
मंडला। जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। एक तेज रफ्तार डंपर ने ढाई वर्षीय मासूम बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया। इस मंजर को देखकर राहगीरों की रूह कांप गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि बच्ची के जूते तक छिटककर पास के छोटे स्कूल की दीवार पर जा लगे। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने बच्ची के शव को सड़क से समेटकर पॉलीथिन में रखा, जिससे वहां मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं।
बताया जा रहा है कि मासूम बच्ची अपनी मां के साथ आंगनवाड़ी से घर लौट रही थी, तभी रास्ते में तेज रफ्तार डंपर ने उसे कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और क्षेत्र में कुछ समय के लिए हड़कंप की स्थिति बन गई।
सूचना मिलते ही कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस डंपर चालक की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विवेचना जारी है।
इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश और शोक व्याप्त है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से तेज रफ्तार भारी वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।