डीजल चोर गैंग पर मंडला पुलिस का शिकंजा वाहनों से डीजल उड़ाने वाले गिरोह के 3 सदस्य गिरफ्तार, 360 लीटर डीजल और कार जब्त

दैनिक रेवांचल टाइम्स – मंडला। जिले में लगातार सामने आ रही डीजल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार मंडला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सक्रिय गैंग के तीन सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का डीजल, जरीकेन और एक कार जब्त की है।

जिले में पिछले कुछ समय से अलग-अलग थाना क्षेत्रों में खड़े ट्रकों और डम्फरों से डीजल चोरी की शिकायतें लगातार मिल रही थीं। इन घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक रजत सकलेचा ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सक्रिय गिरोहों की पहचान कर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए थे। थाना नैनपुर क्षेत्र में सक्रिय डीजल चोरी गिरोह के 11 आरोपियों की गैंग हिस्ट्रीशीट भी खोली गई थी, जिन पर पुलिस लगातार नजर रखे हुए थी।

सड़क किनारे खड़े डम्फर से 64 लीटर डीजल पार

मामले की शुरुआत उस समय हुई जब ग्राम ब्यौहारी (थाना किन्दरई, जिला सिवनी) निवासी डम्फर चालक राहुल सिंगौर ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 14 मार्च की रात गाजीपुर स्थित रितेश ढाबा के सामने डम्फर क्रमांक MP20ZR9507 क्लच प्लेट खराब होने के कारण सड़क किनारे खड़ा कर वह सो गया था।

सुबह करीब 4 बजे उठने पर उसने देखा कि डीजल टंकी का ताला टूटा हुआ है और उसमें रखा करीब 64 लीटर डीजल (लगभग 6000 रुपये कीमत) चोरी हो चुका है।

पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रकों को भी बनाया निशाना

इसी गैंग ने हिरदेनगर चौकी, थाना महाराजपुर क्षेत्र के औघटखपरी स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप पर खड़े ट्रकों को भी निशाना बनाया।

कटनी जिले के स्लिमनाबाद निवासी सुखचैन ठाकुर की शिकायत पर जांच में सामने आया कि अलग-अलग ट्रकों से कुल 330 लीटर डीजल (कीमत लगभग 30,875 रुपये) चोरी किया गया था।

जंगल से घेराबंदी कर पकड़े गए आरोपी

थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक शफीक खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सक्रियता दिखाते हुए रामनगर तिराहा के पास जंगल क्षेत्र में घेराबंदी की। यहां से पुलिस ने डीजल चोरी में शामिल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जांच में यह भी सामने आया कि ये आरोपी नैनपुर में खोली गई गैंग हिस्ट्रीशीट में भी शामिल हैं।

गिरफ्तार आरोपी

भूपेंद्र ठाकुर पिता शेर सिंह ठाकुर (37 वर्ष) निवासी ग्राम कुरवारी थाना घंसौर, हाल ग्रीन सिटी जबलपुर

राहुल यादव पिता समारू यादव (19 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11 नैनपुर

नीरज सोनी पिता रमेश सोनी (37 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 11 नैनपुर

पुलिस ने यह सामग्री की जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से

टाटा कंपनी की सफेद रंग की हैरियर कार (MP20CL 8552)

12 प्लास्टिक जरीकेन (प्रत्येक 30 लीटर)

कुल लगभग 360 लीटर डीजल

एक ओप्पो मोबाइल फोन

एक गूगल पिक्सल मोबाइल फोन

एक इंटेक्स की-पैड मोबाइल फोन

जब्त किए हैं।

गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश

पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गैंग के अन्य सदस्यों और उनके नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है। पुलिस का कहना है कि डीजल चोरी की घटनाओं में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.