
रेवांचल टाइम्स नारायणगंज मंडला जनपद पंचायत क्षेत्र नारायणगंज में बस स्टैंड और हनुमान मंदिर के समीप संचालित शराब दुकान को लेकर स्थानीय नागरिकों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। स्थिति अब केवल असंतोष तक सीमित नहीं रही, बल्कि यह प्रशासनिक उदासीनता और जनभावनाओं की अनदेखी का प्रतीक बनती जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि पंचायत और जनपद स्तर पर इस दुकान को हटाने के लिए प्रस्ताव पारित होने और संबंधित अधिकारियों को जारी होने के बावजूद आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 23 जुलाई 2025 को आयोजित जनपद पंचायत नारायणगंज की सामान्य सभा बैठक में प्रस्ताव क्रमांक 13 के तहत सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया था कि बस स्टैंड क्षेत्र से शराब दुकान को हटाया जाए। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने इस बात पर जोर दिया था कि सार्वजनिक स्थल और धार्मिक स्थान के समीप इस प्रकार की दुकान का संचालन सामाजिक दृष्टि से अनुचित है। इसके बाद मुख्य कार्यपालन अधिकारी द्वारा संबंधित विभागों को कार्रवाई हेतु पत्र भी जारी किया गया था।
मामला यहीं नहीं रुका। 21 अगस्त 2025 को ग्राम पंचायत पड़रिया उर्फ नारायणगंज की ग्राम सभा बैठक में भी इस विषय को गंभीरता से उठाया गया। ग्राम सभा ने भी प्रस्ताव पारित कर स्पष्ट रूप से मांग की कि शराब दुकान को बस स्टैंड से हटाकर किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। दो-दो स्तर पर प्रस्ताव पारित होने के बाद लोगों को उम्मीद थी कि जल्द ही इस दिशा में कार्रवाई होगी, लेकिन महीनों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बस स्टैंड एक अत्यंत व्यस्त सार्वजनिक स्थल है, जहां दिनभर यात्रियों की आवाजाही बनी रहती है। लगभग 50 से अधिक बसों का नियमित आवागमन होने के कारण यह क्षेत्र हमेशा भीड़भाड़ वाला रहता है। ऐसे में पास में शराब दुकान का होना कई तरह की सामाजिक समस्याओं को जन्म दे रहा है। यात्रियों, खासकर महिलाओं और बच्चों को असहज परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है।
इसके साथ ही हनुमान मंदिर की निकटता ने इस मुद्दे को और संवेदनशील बना दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के पास में शराब दुकान का संचालन धार्मिक भावनाओं को आहत करता है। हर दिन श्रद्धालु मंदिर में पूजा पाठ अर्चना के लिए पहुँचते है विशेष रूप से नवरात्रि जैसे पावन अवसरों पर जब बस स्टैंड परिसर में दुर्गा प्रतिमा की स्थापना की जाती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं, तब यह स्थिति और भी अधिक आपत्तिजनक हो जाती है।
ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारियों का आरोप है कि शराब दुकान के कारण क्षेत्र में असामाजिक तत्वों की गतिविधियां बढ़ी हैं। शाम होते ही यहां शराबियों की भीड़ लग जाती है, जिससे आसपास का वातावरण असुरक्षित और अशांत हो जाता है। कई बार विवाद और झगड़े की घटनाएं भी सामने आई हैं, लेकिन प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।
प्रशासन की कार्यप्रणाली पर अब सवाल खड़े हो रहे हैं। जब जनपद पंचायत और ग्राम पंचायत दोनों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर दिए, और अधिकारियों को निर्देश भी जारी हो चुके हैं, तो फिर कार्रवाई में इतनी देरी क्यों हो रही है यानी दो स्तरों पर लोकतांत्रिक निर्णय हो चुके है लेकिन जमीन पर नतीजा शून्य क्या जनप्रतिनिधियों के फैसले का कोई मूल्य नही या फिर इस पूरे मामले में कोई अदृश्य दबाव काम कर रहा है इन सवालों ने प्रशासन की नीयत और और कार्यशैली दोनों पर संदेह खड़ा कर दिया है ये सवाल अब आम जनता के बीच चर्चा का विषय बन चुके हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि जनप्रतिनिधियों के निर्णयों का भी कोई महत्व नहीं रह गया है, तो फिर लोकतांत्रिक प्रक्रिया का क्या अर्थ है।
जनता की मांग साफ है—बस स्टैंड और मंदिर के पास स्थित शराब दुकान को तत्काल हटाकर किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। उनका कहना है कि इससे न केवल क्षेत्र में शांति और व्यवस्था बनी रहेगी, बल्कि सामाजिक और धार्मिक संतुलन भी कायम रहेगा।
अब देखने वाली बात यह होगी कि जिला प्रशासन इस मामले को कितनी गंभीरता से लेता है। क्या वह जनभावनाओं का सम्मान करते हुए त्वरित कार्रवाई करेगा, या फिर यह मामला भी अन्य फाइलों की तरह धूल खाता रहेगा ।अब देखना होगा अधिकारी जनता के विश्वास को बहाल करने के लिए ठोस कदम उठाते है । फिलहाल, जनता का एक ही सवाल जब प्रस्ताव पास हो चुके है तो कार्यवाही कब होगी।
इनका कहना
बस स्टैंड से शराब दुकान स्थानांतरित करने के लिए सर्वसम्मति से प्रस्ताव पास किया गया और संबंधित विभाग को अवगत करा दिया गया है जिसमे विभाग द्वारा नवीन सत्र में दुकान हटाने का आश्वासन दिया गया है।पर अभी तक नही हटाई गई है।
राजकुमार तेकाम
सरपंच ग्राम पंचायत पड़रिया
नारायणगंज
बस स्टैंड में संचालित शराब दुकान स्थानांतरित करने हेतु ग्राम सभा के अनुमोदन उपरांत आबकारी विभाग को पत्र प्रेषित किया गया है पर दुकान स्थानांतरित संबंधी जानकारी अभी तक प्राप्त नही हुई है।
अभिषेक शर्मा
सचिव ग्राम पंचायत पड़रिया नारायणगंज