राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने घंटी बजाकर कराया प्रवेशोत्सव 

दैनिक रेवाँचल टाईम्स – मंडला। जिले के बिछिया विकासखंड अंतर्गत ग्राम कन्हारीकला स्थित एकीकृत माध्यमिक शाला में आयोजित “स्कूल चलें हम” अभियान के तहत प्रवेशोत्सव 2026 कार्यक्रम बेहद उत्साह और गरिमा के साथ संपन्न हुआ। इस पूरे आयोजन में जहां राज्यपाल मंगू भाई पटेल की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं कार्यक्रम को खास पहचान दिलाने में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका सामने आई। कार्यक्रम का सबसे आकर्षक और प्रतीकात्मक क्षण वह रहा, जब भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने स्वयं आगे बढ़कर विद्यालय की घंटी राज्यपाल मंगू भाई पटेल को देकर प्रवेशोत्सव की शुरुआत का आग्रह किया। इसके बाद राज्यपाल ने घंटी बजाकर शुभारंभ किया। घंटी की गूंज के साथ ही पूरा विद्यालय परिसर तालियों और उत्साह से गूंज उठा। यह दृश्य न केवल कार्यक्रम की भव्यता को दर्शा रहा था, बल्कि शिक्षा के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का भी संदेश दे रहा था। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग मंत्री संपतिया उइके, पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान राज्यपाल ने विद्यार्थियों को नि:शुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया और पात्र छात्र-छात्राओं को साइकिलें भी प्रदान कीं। बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ झलक रहा था। राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षा ही वह आधार है, जो बच्चों के भविष्य को मजबूत बनाती है। उन्होंने विद्यार्थियों को नियमित विद्यालय आने, मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने यह भी कहा कि स्कूल चलें हम अभियान का मुख्य उद्देश्य हर बच्चे को शिक्षा से जोड़ना और उन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना है। वहीं भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा की सक्रियता और आयोजन में उनकी सहभागिता विशेष चर्चा का विषय रही। उन्होंने न केवल कार्यक्रम की रूपरेखा में अहम भूमिका निभाई, बल्कि अपने व्यवहार और पहल से यह भी दर्शाया कि शिक्षा के क्षेत्र में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी कितनी महत्वपूर्ण होती है। राज्यपाल को घंटी सौंपने का उनका यह कदम प्रतीकात्मक रूप से शिक्षा के द्वार खोलने का संदेश दे गया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.