पट प्रतियोगिता से बाइक पार करने वाला चोर चढ़ा देहात पुलिस के हत्थे, आरोपी गिरफ्तार

 

 

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा

जितेन्द्र अलबेला

शहर के देहात थाना अंतर्गत ग्राम काराबोह में आयोजित पट प्रतियोगिता के दौरान मोटरसाइकिल चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने महज कुछ ही दिनों में दबोच लिया है। पुलिस ने आरोपी के पास से चोरी की गई बाइक बरामद कर उसे जेल भेज दिया है।

​भीड़ का फायदा उठाकर ले गया था बाइक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पायली निवासी भूरा पाल पिता होशियारलाल पाल (36) बीते 22 मार्च को अपनी मोटरसाइकिल क्रमांक MP-28-ME-7416 से ग्राम काराबोह में पट प्रतियोगिता देखने आए थे। शाम करीब 4 से 6 बजे के बीच जब वे प्रतियोगिता देखने में व्यस्त थे, तभी किसी अज्ञात चोर ने उनकी बाइक पर हाथ साफ कर दिया। फरियादी की शिकायत पर देहात थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 179/26, धारा 303(2) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

खेत में छिपाकर रखी थी चोरी की मोटरसाइकिल

​थाना प्रभारी गोविंद सिंह राजपूत के नेतृत्व में गठित टीम ने जब मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया, तो सूचना मिली कि ग्राम काराबोह निवासी विजय भारती ने अपने खेत में एक संदिग्ध मोटरसाइकिल छिपाकर रखी है। पुलिस ने तत्काल दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने पट प्रतियोगिता से बाइक चोरी करना कबूल किया।

​गिरफ्तार आरोपी

विजय पिता सुखमन भारती (40 वर्ष), निवासी ग्राम काराबोह, थाना देहात।

​इस कार्रवाई में देहात थाना प्रभारी निरीक्षक गोविंद सिंह राजपूत, प्रधान आरक्षक संजय उइके, प्रधान आरक्षक मंगल टेकाम और आरक्षक इलेक्ट्रिक उइके की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर  न्यायालय के समक्ष पेश किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.