खंड स्तरीय अंबेडकर जयंती समारोह ग्राम रमपुरी में संपन्न
आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प, ग्राम सभा की एकजुटता और जनभागीदारी पर जोर

दैनिक रेवाँचल टाईम्स ,”- मंडला,जनपद पंचायत नैनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत रमपुरी में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर खंड स्तरीय समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ कलेक्टर राहुल नामदेव धोटे द्वारा बाबा साहब अंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। इस अवसर पर उन्होंने बाबा साहब के विचारों को आत्मसात करने तथा संविधान के मूल्यों के अनुरूप कार्य करने का संदेश दिया।
कलेक्टर श्री धोटे ने कहा कि बाबा साहब ने शिक्षा के महत्व को सर्वोपरि बताया और समाज के उत्थान का मार्ग शिक्षा के माध्यम से ही संभव है। उन्होंने ग्रामीणों की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि यहां के लोग जागरूक हैं, जो विकास की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने ग्रामसभा के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि ग्राम सभा एकता और सामूहिक निर्णय का प्रतीक है। पहले भी गांव की समस्याओं का समाधान गांव स्तर पर ही किया जाता रहा है और इस परंपरा को आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
कलेक्टर श्री धोटे ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि अपने जीवन में दो आदर्श ग्राम देखे हैं और विश्वास है कि ग्राम रमपुरी भी उसी दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि बाबा साहब जैसे महानायक के जन्मदिवस पर हम सभी को यह संकल्प लेना चाहिए कि गांव को आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करें।
उन्होंने गांव के विकास के लिए महिलाओं के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, किसानों के लिए उन्नत खेती जागरूकता शिविर आयोजित करने तथा लाइब्रेरी की स्थापना जैसे सुझाव दिए। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष तक इस गांव को आदर्श ग्राम बनाने का लक्ष्य रखा जाए। यह हमारा सामूहिक संकल्प होना चाहिए, जिसमें आप सभी की भागीदारी आवश्यक है। इस पर उपस्थित ग्रामीणों ने एकमत से सहमति व्यक्त की। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि सभी पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
जनपद पंचायत नैनपुर के सीईओ विनोद मरावी ने शासन की विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए विशेष रूप से नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम पर प्रकाश डाला और महिलाओं को सशक्त बनने के लिए प्रेरित किया।
एसडीएम नैनपुर आशुतोष ठाकुर ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा, सामाजिक समरसता एवं जनभागीदारी के महत्व पर जोर दिया। जिला पंचायत सीईओ शाश्वत सिंह मीना ने अपने संबोधन में बाबा साहब के विचारों की प्रासंगिकता पर प्रकाश डालते हुए नारी शक्ति वंदन कार्यक्रम की जानकारी साझा की। कार्यक्रम का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ, जहां सभी ने एकजुट होकर बाबा साहब के आदर्शों को अपनाने तथा ग्राम रमपुरी को आदर्श ग्राम बनाने का संकल्प लिया।