छिंदवाड़ा जय भीम के नारों से गुंजायमान हुआ शहर, हर्षोल्लास के साथ मनाई गई बाबा साहेब की 135वीं जयंती

 

रेवांचल टाइम्स ​छिंदवाड़ा
जितेन्द्र अलबेला

भारतीय संविधान के शिल्पकार, बोधिसत्व एवं भारतरत्न डॉ. बाबा साहेब अम्बेडकर की 135वीं जयंती छिंदवाड़ा जिले में अत्यंत उत्साह और गरिमा के साथ मनाई गई। जिले की अग्रणी संस्था डॉ. अम्बेडकर समता विकास समिति (समता बुद्ध विहार) द्वारा आयोजित इस पांच दिवसीय समारोह में हजारों की संख्या में अनुयायियों ने शिरकत की।

​धम्म ध्वजारोहण और भव्य भीम रैली
​कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 10:00 बजे समता बुद्ध विहार में समिति के अध्यक्ष सुभाष नागले द्वारा धम्म ध्वजारोहण के साथ किया गया। इस दौरान ‘बाबा साहेब अमर रहे’ और ‘जय भीम’ के उद्घोष से वातावरण गुंजायमान हो उठा। त्रिशरण पंचशील ग्रहण करने के पश्चात एक विशाल भीम रैली निकाली गई। यह रैली शहर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ जगह-जगह सामाजिक संगठनों द्वारा पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया एवं शीतल जलपान की व्यवस्था की गई। रैली का समापन बाबा साहेब की प्रतिमा स्थल पर हुआ, जहाँ भीम सैनिकों ने उनके राष्ट्र निर्माण के योगदान को याद कर उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
​सांस्कृतिक संध्या और बच्चों की प्रस्तुतियाँ
​जयंती की शाम समता बुद्ध विहार में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के नाम रही। शाम 7:30 बजे से आयोजित कार्यक्रम में बच्चों ने भीम और बुद्ध गीतों पर शानदार रंगारंग प्रस्तुतियाँ दीं, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। इस अवसर पर विभिन्न सामाजिक बंधुओं का सत्कार भी किया गया।
​पांच दिवसीय आयोजनों की धूम
​समिति द्वारा आयोजित इस महोत्सव की शुरुआत महात्मा फुले जयंती से हुई थी, जिसके तहत ‘भाईचारा रैली’ निकालकर शहर के सभी बहुजन नायकों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया गया। वहीं, 13 अप्रैल की रात ‘एक शाम बाबा साहेब के नाम’ कार्यक्रम के तहत प्रसिद्ध गायक प्रकाश नाथ पाटणकर की प्रस्तुति ने समां बांध दिया। रात्रि 12:00 बजे आतिशबाजी के बीच केक काटकर बाबा साहेब का जन्मोत्सव मनाया गया।

​इनकी रही मुख्य उपस्थिति
​कार्यक्रम को सफल बनाने में डॉ. अम्बेडकर समता विकास समिति के पदाधिकारी डी.आर. मोटघरे, सतीश गोंडाने, मयंक गजभिए, हरचंद लोखंडे, राजू गणवीर, निरंजन रंगारे, सीमा ताई गेडाम, कुसुम ताई पाटिल, पुष्पा गणवीर, अमिता बागड़े, बी.एस. दवंडे, राकेश वाहने, आधार चौहान और पंकज तागड़े सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता व अनुयायी उपस्थित रहे। समिति ने कार्यक्रम में शामिल हुए समस्त नागरिकों का आभार व्यक्त किया है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.