स्वागत में हरियाली: नवागत सीईओ को भेंट स्वरूप मिला जीवनदायक पौधा

रेवांचल टाईम्स – मण्डला जिले की जनपद पंचायत निवास में नवागत मुख्य कार्यपालन अधिकारी (सीईओ) श्रीमती श्रद्धा चौबे सोनी ने पदभार ग्रहण किया। पदभार संभालते ही जनपद कार्यालय परिसर में पंचायत सचिव संघ, रोजगार सहायक संघ एवं जनपद के कर्मचारियों द्वारा उनका गर्मजोशी से स्वागत किया गया।

इस स्वागत समारोह में पंचायत सचिव संघ के जिला अध्यक्ष मनोहर मरावी, ब्लॉक अध्यक्ष श्री पिटानिया, रामगोपाल वरकड़े एवं रोजगार सहायक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष श्री मिश्रा जी की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर श्रीमती श्रद्धा चौबे सोनी का अभिनंदन किया तथा उन्हें नए दायित्व की शुभकामनाएं दीं।

विशेष बात यह रही कि समारोह में पर्यावरण संरक्षण के संदेश को ध्यान में रखते हुए श्रीमती श्रद्धा चौबे सोनी को जीवनदायक पौधा भेंट स्वरूप दिया गया, जो स्वागत की परंपरा में एक हरित और सकारात्मक पहल के रूप में सराहा गया।

इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष मंजू कुलस्ते, उपाध्यक्ष घनश्याम सूर्यवंशी सहित जनपद पंचायत सदस्यों के साथ अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे और नए सीईओ के साथ समन्वय और विकास के संकल्प को दोहराया।

Leave A Reply

Your email address will not be published.