अजब गजब बैंकिंग! बिना कर्ज लिए चढ़ा दिया लोन, दो साल से परेशान पीड़ित ने की शिकायत

रेवाँचल टाईम्स – मण्डला जिले में आज लापरवाह विभागों के साथ साथ अब बैंक की भी लापरवाही उजागर हो रही है जहाँ येसे मामले सामने आ रहे है कि जो व्यक्ति बैंक से कर्जा लिए ही नहीं और पैसे की मांग की जा रही है
वही जानकारी के अनुसार अलग-अलग प्रकार से की गई ठगी के कई मामले पिछले दिनों उजागर हुए हैं। पुलिस की सक्रियता से अनेक आरोपी न्यायालय की अभिरक्षा में हैं इसी बीच एक और ठगी का मामला विगत दिवस उजागर हुआ है जिसकी शिकायत पीडित द्वारा पुलिस अधीक्षक एवं बैंकों के उच्चाधिकारियों से की गई है। सकवाह पुरवा निवासी गगन कछवाहा द्वारा कर्ज लेने के लिए एक बैंक में आवेदन दिया गया था, लेकिन जब इनकी सिबिल रिपोर्ट देखी गई तब पता चला कि इनके नाम पर आईडीबीआई बैंक शाखा मण्डला में खाता क्रमांक 1632651100000532 पर पचास हजार रूपये का कर्ज है। जबकि आवेदक का कहना है कि, मेरे द्वारा कर्ज नहीं लिया गया है न ही उक्त बैंक में मेरा खाता संचालित है और न ही मैं किसी का गारण्टर हॅू। फिर मेरे नाम से ये कर्ज कैसे दर्ज हो गया है जो आश्चर्य का विषय है। जब पीडित आवेदक द्वारा संबंधित बैंक से संपर्क किया जाता है तब बैंक प्रबंधन द्वारा कहा जाता है कि ठीक कर लिया जायेगा, लेकिन दो वर्ष बीत चुके अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया। पीडित के लिखित आवेदन को बैंक में नहीं लिया गया तब डाक के द्वारा आवेदन प्रेषित किया गया है। इस तरह की ठगी की वजह से अब पीडित व्यंक्ति को अन्य बैंकों से लाभ नहीं मिल पा रहा है। शिकायत पत्र में आग्रह किया गया है कि इनके नाम से कैसे और कौन कर्ज ले लिया है जॉच कर दोषियों के विरूध्द दण्डात्मक कार्यवाही की जाये एवं उक्त कर्ज से उनका नाम हटवाया जाये ताकि उसे अन्य बैंकों से लाभ मिल सके।