संस्कृत भारती मंडला की बहनों ने सीआरपीएफ जवानों को बांधी श्रद्धा और सम्मान की राखी

 

रेवांचल टाईम्स – मंडला, रक्षाबंधन भाई-बहन के पवित्र और अटूट रिश्ते का प्रतीक पर्व है, जिसे देशभर में उल्लास और प्रेम के साथ मनाया जाता है। इसी कड़ी में संस्कृत भारती महाकौशल प्रांत, जिला मंडला की बहनों ने 148वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के जवानों को वाहिनी मुख्यालय, पुलिस लाइन मंडला में राखी बांधकर उनका सम्मान किया।

कार्यक्रम के दौरान बहनों ने जवानों के माथे पर तिलक लगाया, रक्षा सूत्र बांधा और मिठाई खिलाकर दीर्घायु, सुरक्षा एवं कल्याण की प्रार्थना की। इस अवसर पर संस्कृत भारती जिला मंत्री पूजा ज्योतिषी, बाल केंद्र प्रमुख अनंता कोरी, नगर संयोजिका सुशीला ज्योतिषी, सदस्य अर्चना जाट और वंदना राणा और पत्रकार दीपक जाट उपस्थित रहे। 148वीं वाहिनी के कमांडेंट श्री विक्रांत सारंगपाणि ने बहनों के इस भावनात्मक कार्य के लिए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में मनोरंजन कुमार (उप कमांडेंट) सूबेदार मेजर देवनारायण पटेल, उप निरीक्षक मोहनदास बंजारे, बी.एच.एम. देवेन्द्र प्रताप सिंह सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे। यह अनूठा आयोजन न केवल रक्षाबंधन की परंपरा को सशक्त बनाता है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि सैनिक सिर्फ सीमा के प्रहरी ही नहीं, बल्कि हर नागरिक के सच्चे रक्षक और भाई भी हैं।

Leave A Reply

Your email address will not be published.